हनी आत्महत्या मामले में नया मोड़ आया सामने, लड़की व उसकी भाभी ने ब्लैकमेल कर मांगे थे साढ़े आठ लाख रुपये

4/4/2023 4:42:58 PM

करनाल : आइसक्रीम की फैक्ट्री में काम करने वाले युवक हनी द्वारा फैक्ट्री में सुसाइड के मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। परिवार वालों को हनी का एक और सुसाइड नोट मिला है। जिसमें खुलासा हुआ है कि एक लड़की व लड़की की भाभी ने हनी को ब्लैकमेल किया था। ब्लैकमेल करने का कारण यह सामने आया है कि इस लड़की और महिला के पास हनी के अश्लील फोटो थे और उन्हीं के आधार पर वे दोनों हनी को ब्लैकमेल करती आ रही थी और हजारों रुपए की उगाही कर चुकी थी। इसी से हनी परेशान चल रहा था और उसने आत्महत्या का कदम उठाया।

बुधवार रात को लगाया था फंदा

करनाल के सदर बाजार का 28 वर्षीय हनी एक आइसक्रीम की फैक्ट्री में काम करता था। बीते बुधवार की देर शाम हनी की मां अपने बेटे का इंतजार कर रही थी और करीब 10 बजे फोन भी किया। हनी ने फोन भी उठाया और कहा कि वह थोड़ी देर में आ रहा है। उसकी मां इंतजार कर रही थी कि उसका बेटा आएगा और खाना खायेगा, लेकिन देर रात तक भी नहीं लौटा। इस दौरान हनी की माँ इंतज़ार करते-करते सो गई थी। वीरवार सुबह जब तक भी हनी नहीं लौटा था उसने हनी के फोन पर कई बार कॉल किया लेकिन फोन नहीं उठाया, तो हनी की माँ फेक्ट्री में ही पहुंच गई, जहां आकर उसे पता चला कि हनी ने सुसाइड कर लिया था। जिसकी जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला था। जिसमें यह  सामने आया था कि हनी का रिश्ता टूटने की वजह से उसने यह कदम उठाया था।

मानसिक रूप से परेशान था हनी

मृतक के पिता ने बताया था कि हनी करीब छह महीने से परेशान था। जब कभी भी उससे परेशानी का कारण पूछा जाता तो वह कुछ नहीं बताता था। वहीं फैक्ट्री मालिक का कहना था कि हनी एक मेहनती लड़का था और ईमानदारी के साथ काम करता था, लेकिन ऐसा पता नहीं क्या हुआ कि उसे ऐसा कदम उठाना पड़ा।

साढ़े आठ लाख रुपए की थी डिमांड

मृतक के भाई ने लड़की नेहा व नेहा की भाभी आरती पर हनी को ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। मृतक के भाई का आरोप है कि इन दोनों के पास हनी की कुछ अश्लील तस्वीरें थी और उन्हीं के आधार पर हनी को ब्लैकमेल किया जा रहा था और पैसों की भी डिमांड की जा रही थी। ये दोनों उससे 50 हजार रुपए भी ले चुकी थी। जिसकी वजह से उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी और वह करीब एक महीना से परेशान चल रहा था। मृतक के भाई ने बताया है कि उनको एक सुसाइड नोट हनी के मोबाइल फोन से मिला है। जिसमें सामने यह भी आया है कि करीब साढ़े आठ लाख रुपए की डिमांड की गई थी और कॉल रिकॉर्डिंग में भी पैसों की बात सामने आई है। मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Editor

Mohammad Kumail