प्यार, शादी और धोखा...हसीन सपने देख अमेरिकन से की युवती ने शादी, विदेश गया पति नहीं लौटा वापिस

5/23/2023 9:06:22 AM

अंबाला:  अंबाला में बिचौलियों ने युवती को अमेरिका में रहने के हसीन सपने दिखा विदेशी नागरिक से शादी करा दी। जब पति वापस भारत नहीं लौटा तो पीड़िता को पता चला कि साजिश के तहत आरोपियों ने उसका जीवन बर्बाद किया है। आरोपी अमेरिका भेजने के नाम पर 50 लाख रुपए की डिमांड कर रहे हैं। पीड़िता ने खुद के साथ हुए फ्रॉड के बाद SP को शिकायत सौंप कार्रवाई की गुहार लगाई है।


अंबाला के गांव लाहा निवासी सतविंदर कौर ने बताया कि उसकी मामी उनके घर आई थी। उसने कहा कि था कि उसका फुफेरा भाई राजबीर मुलतानी अमेरिका में रहता है। राजबीर का दोस्त फिलिप सबस्टेन गजारा इंडियन लड़की से शादी करना चाहता है। उसने पूछा था कि अगर शादी के बाद फिलिप दोबारा भारत नहीं आया तो कौन जिम्मेदार होगा। उसकी मामी ने कहा कि राजबीर मुलतानी, उसके माता-पिता सभी जिम्मेदारी ले रहे हैं। उसकी मामी सर्वजीत ने गांव भूरेवाला में आरोपी जोगिंद्र सिंह, उसकी पत्नी, उसके बेटे कंवर सिंह और बहू तनू से मुलाकात कराई। 
 
आरोपियों ने 17 अप्रैल 2019 को फिलिप को भारत बुला शादी की तारीख रख दी। कुरुक्षेत्र के गांव रतगल गुरुद्वारे में 27 अप्रैल 2019 को फिलिप से शादी हुई। 22 मई 2019 को मैरिज रजिस्टर भी करा दी। आरोपी पति कुछ दिन भारत में उसके साथ रहा और फिर वापस अमेरिका चला गया। कुछ समय बाद फिर उसका पति वापस भारत आया। पीड़िता ने बताया कि ज्यादातर समय आरोपी उसके पति के साथ रहते थे। उसके साथ कम बातें करने देते थे। यहां कुछ दिन रहने के बाद उसका पति फिर अमेरिका चला गया। आरोपी पति अब तक भी दोबारा वापस नहीं लौटा। जब उसने बिचौलियों से उसके पति को वापस बुलाने की गुहार लगाई तो आरोपियों ने कहा कि तेरी इतनी औकात नहीं है कि तू फिलिप को भारत बुला सके। आरोपियों ने 50 लाख की डिमांड की। जब उसने राजबीर से बात की तो उसने भी गाली-गलौज की। कहा कि तू अमेरिका आने का सपना ही भूल जा। नारायणगढ़ थाना पुलिस ने धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Content Writer

Isha