लड़की ने शादी से किया इंकार... पागल आशिक ने जिंदा जलाया, गंभीर हालत में PGI रेफर

2/29/2024 3:44:33 PM

बहादुरगढ़ : हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित घर से स्कूल जाने के लिए निकली एक किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी हुई मिली। गंभीर हालत में किशोरी को पहले सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे रोहतक PGIMS रेफर किया गया। परिजनों की तरफ से एक युवक पर किशोरी को आग लगाए जाने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि शादी का दबाव बनाने के चलते यह वारदात अंजाम दी गई। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। 

स्कूल में रोल नंबर स्लिप लेने के लिए निकली थी घर से 

दरअसल मूलरूप से बिहार का रहने वाला एक परिवार बहादुरगढ़ शहर की एक कॉलोनी में किराए पर रहता है। इस परिवार की 17 वर्षीय बेटी दसवीं कक्षा में पढ़ती है। वह सुबह अपनी सहेली के साथ स्कूल में रोल नंबर स्लिप लेने के लिए घर से निकली थी। कुछ समय बाद परिजनों को सूचना मिली कि उनकी बेटी बैंक कॉलोनी स्थित एक कमरे में झुलसी हुई अवस्था में है। सूचना पर परिजन वहां पहुंचे और किशोरी को संभला। उसकी हालत गंभीर थी। परिजनों ने उसको नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। परिजनों ने किशोरी की हालत के लिए बैंक कॉलोनी में रहने वाले एक युवक को जिम्मेदार ठहराया है। प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि वह युवक पीड़िता पर शादी का दबाव बना रहा था। उसने लड़की को अपने कमरे पर बुलाया था। लड़की ने शादी से इनकार कर दिया, जिसके चलते आरोपी ने तेल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है। 

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana