यमुना एक्सप्रेसवे पर सूटकेस में युवती की लाश मिलने से फैली सनसनी, गोली मार की हत्या

11/19/2022 8:38:32 AM

फरीदाबाद : फरीदाबाद शहर के थानों और क्राइम ब्रांच में मथुरा देहात पुलिस द्वारा भेजा गया एक फोटो सर्कुलेट हो रहा है। मामला एक युवती की हत्या करने के बाद उसका शव ट्राली बैग में भरकर यमुना एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड पर फेंक दिया गया। शुक्रवार दोपहर शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इस बीस वर्षीय युवती की पहचान नहीं हो सकी है। ट्राली बैग में दो साडिय़ां भी मिली हैं। युवती के शरीर पर भी चोटों के कई निशान भी हैं। सीने में छेद होने से उसकी गोली मारकर हत्या करने की आशंका भी पुलिस जता रही है। युवती के साथ दुष्कर्म की आशंका भी है।

पुलिस अधिकारियों की माने तो जो हुलिया और लोकेशन बताई गई है उसके हिसाब से यमुना एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड पर राया थाना क्षेत्र स्थित सरकारी कृषि फार्म के पास शुक्रवार दोपहर पुलिस को एक लाल रंग का ट्राली बैग पड़े होने की सूचना दी गई। ट्राली बैग में लाक नहीं था, पुलिस ने उसे खोला, तो उसमें पालीथिन में लिपटी एक युवती का शव मिला। युवती ने काले रंग की टी-शर्ट और एक प्लाजो पहन रखा है। उसके सीने में एक छेद है, इससे पुलिस उसकी गोली मारकर हत्या करने की आशंका जता रही है। युवती की नाक से भी खून निकला है, इससे उसका गला दबाने की भी आशंका है।

फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। लेकिन युवती की पहचान नहीं होने पर एसपी देहात ने युवती की फोटो आसपास के जिलों फरीदाबाद, नोएडा के थाने में भेजी गई है। एसपी देहात का मानना है कि युवती फरीदाबाद या नोएडा की भी हो सकती है। क्योंकि, जिस सर्विस रोड पर ट्राली बैग मिला, वह नोएडा से आगरा की ओर जाती है। ऐसे में युवती के फरीदाबाद और नोएडा आदि से यहां लाकर फेंके जाने की भी आशंका है।

ट्रॉली बैग का हटाया बैग 
जिस ट्रॉली बैग में युवती का शव मिला है, वह एरिस्टोक्रेट कंपनी का है। लेकिन उसका टैग उखाड़ दिया गया है। ट्राली बैग में एक स्थान पर एरिस्ट्रोक्रेट लिखा है। लाल और सफेद रंग की दो साडिय़ां भी मिली हैं। इससे संभावना जताई जा रही है कि युवती कहीं घर से भागना तो नहीं चाहती थी। हालात प्रेमी द्वारा हत्या करने की ओर भी इशारा कर रहे हैं।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 

Content Writer

Manisha rana