भारत केसरी दंगल में गीता फौगाट ने लगाया विजयी दांव

3/21/2018 8:10:31 PM

भिवानी(अशोक भारद्वाज): तीसरे भारत केसरी दंगल की पहली कुश्ती हरियाणा की टीम में शामिल भिवानी से पहलवान गीता फौगाट और महाराष्ट्र वेदांतिका पंवार के बीच मुकाबले के साथ हुई। राज्यपाल ने दोनों पहलवानों से परिचय किया और उनको अपना आर्शीवाद दिया। गीता ने पलक झपकते ही महाराष्ट्र की पहलवान को पटखनी दी। उन्होंने चंद सैकेंड में पंवार को मात दी और अपनी जीत से इस दंगल का आगाज किया।

इसी प्रकार ने दूसरी कुश्ती पुरुष पहलवानों के बीच हुई, इस कुश्ती में रेलवे की तरफ से खेल रहे हरियाणा के खिलाड़ी बजरंग और राजस्थान के निर्मल बिश्रोई के बीच मुकाबला हुआ। इस मुकाबले में बजरंग ने एक दाव से छह अंक अर्जित करके इसे रोचक बनाया और मुकाबला अपने नाम किया।



गीता फौगाट, बजरंग पूनिया, विनेश, मनीषा, निर्मल विश्रोई जैसे दिग्गज पहलवानों के साथ शुरू हुए इस कुश्ती दंगल का रोमांच खेल प्रेमियों में चरम पर दिखाई दिया। करीब तीन एकड़ क्षेत्र में सजाया गया पंडाल दर्शकों से खचाखच भरा हुआ था। हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, रेलवे, राजस्थान, दिल्ली, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश की आठ टीमें इस कुश्ती दंगल में भाग ले रही हैं।



स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री अनिल विज ने कहा कि शहीद दिवस के उपलक्ष्य में हर साल एक करोड़ के ईनामी कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाता है। गुरूग्राम और अंबाला के बाद भिवानी में यह तीसरा भारत केसरी दंगल आयोजित किया जा रहा है। परंपरागत खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए हरियाणा सरकार ने एक करोड़ के पुरस्कार वाली कबड्डी प्रतियोगिता हर साल पंडित दीन दयाल उपाध्याय की याद में शुरू की है। सोनीपत और जींद में यह प्रतियोगिता हो चुकी है। अब हरियाणा सरकार जल्दी ही राष्ट्रीय स्तर पर मुक्केबाजी प्रतियोगिता शुरू करने जा रही है।



कुश्ती प्रतिभाओं को किया राज्यपाल ने सम्मानित
स्थानानीय भीम खेल परिसर में खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग द्वारा आयोजित भारत केसरी दंगल में राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी ने कुश्ती की प्रतिभाओं को सम्मानित किया। राज्यपाल ने द्रोणाचार्य, ध्यानचंद, अर्जुन तथा भीम अवाडिऱ्यों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। द्रोणाचार्य अवार्डी महाबीर प्रसाद हिसार, गीता और बबीता के पिता एवं द्रौणाचार्य अवार्डी महाबीर सिंह फोगाट भिवानी, ध्यान चंद अवार्डी कुलदीप सिंह व अनिल मान सोनीपत, अर्जुन अवार्डी सत्यवान रोहतक, रमेश कुमार गुलिया सोनीपत, योगेश्वर दत्त सोनीपत, बजरंग पूनिया झज्जर, गीता फोगाट भिवानी, नेहा राठी फरीदाबाद, विरेंद्र सिंह झज्जर, अमित कुमार रोहतक, मनोज कुमार झज्जर, विरेंद्र सिंह भिवानी, मनोज कुमार झज्जर को सम्मनित किया।

Punjab Kesari