गीता के एक-एक शब्द पर होगा शोध: ज्ञानानंद

3/4/2018 11:53:14 AM

कैथल(ब्यूरो): गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने कहा कि कुरुक्षेत्र में स्थापित होने वाले गीता ज्ञान संस्थानम में गीता शोध केंद्र और गीता ग्रंथालय का निर्माण किया जाएगा। इस गीता शोध केंद्र में पवित्र ग्रंथ गीता के एक-एक शब्द पर शोध किया जाएगा। गीता ग्रंथालय में गीता से संबंधित विश्व का सारा साहित्य उपलब्ध होगा। गीता पर शोध करने वाले विश्वभर से शोधार्थी कुरुक्षेत्र में पहुंचेंगे। उक्त विचार गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने पंजाबी वैल्फेयर सभा के संरक्षक सुधीर मेहता के निवास पर व्यक्त किए। 

स्वामी ज्ञानानंद ने बताया कि करनाल जेल में 2,300 बंदियों में से एक हजार बंदी, हिसार जेल में 1200 में से 700 बंदी नियमित रूप से गीता पाठ कर रहे हैं। इस अवसर पर समाजसेवी कैलाश भगत, पंजाबी वैल्फेयर सभा के प्रधान इंद्रजीत सरदाना, महासचिव सुषम कपूर, वीरेंद्र मेहता, रमेश सचदेवा, हिमांशु मेहता, आमिश कत्याल व राजू सरदाना आदि मौजूद थे।