सफाई अभियान की शुरूआत में केवल मंत्री के लिए आए दस्ताने और मास्क

9/15/2018 10:15:51 PM

रोहतक (दीपक भारद्वाज): रोहतक में आज सफाई अभियान की शुरूआत की गई। अभियान की शुरूआत प्रदेश के सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने झाडू लगाकर की। उनके साथ भाजपा के कई कार्यकर्ता भी मौजूद थे। सबसे बड़ी हैरानी की बत तो ये रही कि मंत्री और भाजपा कार्यकर्ताओं को तो मास्क और दस्ताने मिले लेकिन सफाई कर्मचारियों को कोई सुविधा नहीं मिली। मंत्री महोदय झाडू तो लगा रहे थे लेकिन गंदगी ज्यों की त्यों नजर आई।



मंत्री मनीष ग्रोवर के साथ भाजपा के कार्यकर्ता भी हाथ में झाडू लेकर सफाई करते नजर आए लेकिन सफाई के नाम पर केवल लीपापोती हुई। वहीं कर्मचारियों को मास्क ना दिये जाने पर मंत्री ग्रोवर ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को झाडू और मास्क के लिये अलग से फंड दिया जाता है। इसके अलावा वर्दी तक कर्मचारियों को दी जाती है।



लेकिन देखने में आया कि किसी भी सफाई कर्मचारी के पास ना तो मास्क था और ना ही हाथों में पहनने के लिये दस्ताने थे। महिला सफाई कर्मचारी ने कहा कि वे सुबह 6 बजे से यहां सफाई के लिए खड़े हैं। उन्हें ना तो कोई सफाई किट दी जाती और ना ही मास्क आदि की सुविधा ही दी जाती है।



वहीं सफाई दरोगा सतपाल ने कहा, मास्क आदि कुछ नहीं दिया जाता। कभी कभार दे भी दिये जाते हंै। वर्दी के लिये पैसे जरूर दिये जाते हैं। हां मंत्री जी और उनके समर्थर्कों के लिये मास्क और दस्ताने मंगाये गये थे।

Shivam