गुरुग्राम को मिली 71 नई इलेक्ट्रिक बसें, 35 का यात्रियों के साथ 9 रूटों पर ट्रायल शुरू

punjabkesari.in Friday, Nov 13, 2026 - 02:57 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने और प्रदूषण कम करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) के बेड़े में 71 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की गई हैं। इनमें से 35 बसों का नौ रूटों पर यात्रियों के साथ ट्रायल शुरू हो चुका है, जबकि शेष बसों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जारी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

जीएमसीबीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) विश्वजीत चौधरी ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। इससे नए रूट शुरू करने, मौजूदा रूटों पर कनेक्टिविटी बेहतर बनाने और यात्रियों को सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल पर्यावरण अनुकूल और बेहतर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए जीएमसीबीएल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

 

इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल नौ रूटों पर शुरू किया जा रहा है। इनमें गुरुग्राम बस स्टैंड से हेलीमंडी होते हुए पटौदी रेलवे स्टेशन तक तथा वापसी, गुरुग्राम बस स्टैंड से गुरुग्राम यूनिवर्सिटी होते हुए ढाणा मोड़, आईएमटी चौक से द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-99ए स्थित कॉन्सिएंट हैबिटेट से गुरु द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-37 (पेस सिटी-2) से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन, कॉन्सिएंट हैबिटेट सेक्टर-99ए से केंद्रीय विहार, भोंडसी पुलिस चौकी से महावीर चौक (गौशाला ग्राउंड) और गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से ढाणा मोड़ तक के रूट शामिल हैं।

 

25 यात्रियों की क्षमता वाली ये इलेक्ट्रिक बसें फिलहाल सेक्टर-10 स्थित बस डिपो से संचालित की जा रही हैं। ट्रायल के दौरान यात्रियों की प्रतिक्रिया, रूटों की कनेक्टिविटी और बसों की संचालन क्षमता का आंकलन किया जाएगा। इसके बाद इन्हें नियमित सेवा में शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इलेक्ट्रिक बसों का किराया आम जनता की सुविधा एवं आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए बेहद किफायती निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत 0 से 6 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए ₹15, 6 से 13 किलोमीटर तक के लिए ₹25 तथा 13 किलोमीटर से अधिक की दूरी के लिए मात्र ₹35 किराया तय किया गया है। 

 

इस जनहितैषी किराया व्यवस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें सुरक्षित, सुविधाजनक, सुलभ एवं किफायती दैनिक यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराना है। साथ ही, यह पहल पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। फिलहाल जीएमसीबीएल केतहत 150 सीएनजी बसें शहर में सार्वजनिक परिवहन सेवाएं दे रही हैं। सिटी बस के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से बसों के मौजूदा बेड़े की क्षमता बढ़ेगी और नए रूट शुरू करने के साथ यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

 

इन बसों से आवासीय सेक्टरों को मेट्रो स्टेशन, प्रमुख ट्रांजिट पॉइंट और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों से जोड़कर लास्ट माइल कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। साथ ही, इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से वाहनों से होने वाले प्रदूषण में कमी लाने और शहर में स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। जीएमसीबीएल की यह पहल गुरुग्राम शहर में सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुलभ, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static