गोयल गणतंत्र दिवस पर प्रदेशभर में होगी तिरंगा फहराने की मुहिम शुरू

1/25/2018 11:48:29 AM

चंडीगढ़(ब्यूरो): उद्योग मंत्री विपुल गोयल इस बार गणतंत्र दिवस पर समाज के हर वर्ग को तिरंगा फहराने के लिए जागरूक करने की मुहिम शुरू करने की तैयारी में हैं। 
गणतंत्र दिवस पर इस बार कुछ अलग ही नजारा दिखाई देगा, जहां मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारों और गिरजाघरों पर भी तिरंगा नजर आएगा। गोयल का प्रयास है कि समाज के हर वर्ग को तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाए। ताकि युवा पीढ़ी में राष्ट्रीयता का बोध हो सके। विपुल गोयल खुद कैबिनेट मंत्री होने के नाते सिरसा में ध्वजारोहण करेंगे। उन्होंने फरीदाबाद व गुरुग्राम सहित कई जिलों में इस आयोजन की तैयारियों का खाका तैयार कर लिया है। 

फिल्म पद्मावत को लेकर चल रहे विरोध के बीच विपुल गोयल ने कहा, संप्रदाय के नाम पर किसी भी तरह का दंगा और तोड़-फोड़ सही नहीं है। विरोध के शांतिपूर्वक कई तरीके हैं। सार्वजनिक व निजी सम्पत्ति का नुकसान राष्ट्रीय नुकसान है। फरीदाबाद के टाऊन पार्क में देश का सबसे बड़ा तिरंगा लगा चुके गोयल ने कहा कि आतंकवाद, भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार सहित समाज की तमाम बुराइयों को मिटाने के लिए आम लोगों के मन में राष्ट्रीयता का भाव होना जरूरी है।

गोयल ने कहा कि कोई भी धर्म देश से बड़ा नहीं हो सकता। सबसे बड़ा राष्ट्रधर्म है। हरियाणा ही नहीं, बल्कि देशभर में लोगों को 15 अगस्त और 26 जनवरी को अपने-अपने घरों पर तिरंगे लगाने चाहिएं। एक सवाल के जवाब में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह उनका खुद का कार्यक्रम है। इससे किसी पार्टी, व्यक्ति विशेष या संघ का कोई लेना-देना नहीं है।