सवा लाख सिक्कों से सजाया गया मां शीतला का दरबार
punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 08:48 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): नवरात्र में इस बार शीतला माता के दरबार को खास तैयार किया गया है। शीतला माता के दरबार को सजाने के लिए सवा लाख सिक्कों का उपयोग किया गया है। इन सिक्कों को शीतला माता की चौकी से लेकर सामने की तरफ बेहतर रूप दिया गया है जो हर श्रद्धालु के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शीतला माता श्राइन बोर्ड के सीईओ सुमित कुमार ने बताया कि हर नवरात्रों में शीतला माता के दरबार को अलग ही रूप दिया जाता है। पिछले नवरात्रों में जहां ड्राई फ्रूट से दरबार सजाया गया था तो इस बार सिक्कों से सजाया गया है। पिछली बार श्रद्धालुओं के सुझाव पर ड्राईफ्रूट से दरबार सजाया गया था, लेकिन नवरात्रों के बाद यह ड्राईफ्रूट खराब हो गया था, जिसके कारण इसे नष्ट करना पड़ा था। इस बार कोई नुकसान न हो इसके लिए इस बार सिक्कों का उपयोग किया गया है। नवरात्र मेला समाप्त होने के बाद इन सिक्कों को वापस माता के खजाने में जमा कर दिया जाएगा।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

सुमित कुमार ने बताया कि हर बार की तुलना में इस बार माता के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खास व्यवस्था की है ताकि किसी भी तरह की परेशानी न हो। इस बार जाम की समस्या भी हर बार की तुलना में कम है। इस बार ट्रैफिक धीमी गति से चल रहा है, लेकिन जाम की स्थिति अब तक नहीं बनी है। यह बेहतर व्यवस्था का परिणाम है कि इस बार श्रद्धालुओं को परेशान नहीं होना पड़ा है।