अच्छी खबर: 135 दिन में पहली बार हरियाणा में कोरोना से एक भी मौत नहीं, रिकवरी रेट 92.21 प्रतिशत

10/18/2020 8:04:22 PM

चंडीगढ़ (धरणी): रविवार को 135 दिन में पहली बार हरियाणा में कोरोना से एक भी मौत नहीं हुई है। हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के एसीएस राजीव अरोड़ा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि 4 महीने 12 दिनों कुल 135 दिनों के बाद हरियाणा में एक भी मृत्यु कोरोना के कारण नहीं हुई है। राजीव अरोड़ा ने कहा कि हरियाणा स्वास्थ्य विभाग पूर्ण तय सजग व हाई अलर्ट पर है।

रविवार को नूंह में केवल 1 कोरोना केस आया। शुरुआती दिनों में जो सबसे बड़ा हॉटस्पॉट था वो आज सबसे पहले कोरोना मुक्ति की ओर बढ़ रहा है। चरखी दादरी में 16, फतेहाबाद में 19, भिवानी में 14, पानीपत में 8, रेवाड़ी में 1, अम्बाला 19, करनाल में 11 पॉजिटिव केस मिले हैं।

संक्रमण के मामले में गुरुग्राम अब भी शीर्ष पर है जहां 2397 एक्टिव मरीज हैं और अभी तक 25 हजार 403 मरीज मिले हैं। इसके अलावा फरीदाबाद में 909 एक्टिव केस हैं और अभी तक 22 हजार 686 मरीज मिले हैं। हिसार में 1008, सोनीपत में 414, रेवाड़ी में 492, अंबाला में 252, रोहतक में 672, पानीपत में 280, करनाल में 262, पंचकूला में 327, सिरसा में 432 और जींद में 288 एक्टिव केस हैं। 

हॉटस्पॉट रहे नूंह में अब केवल 44 संक्रमित मरीज हैं। दो हजार से अधिक मरीजों वाला गुरुग्राम इकलौता जिला है। हिसार में 1008 एक्टिव केस हैं, बाकी जिलों में 1 हजार से कम मरीज हैं। शुरू में हॉट स्पॉट रहे पलवल में 120 एक्टिव केस बचे हैं। 

हरियाणा के गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के अनुसार, रिकवरी रेट 92.21 प्रतिशत हो गया है। विज ने बताया कि हरियाणा के पलवल जिले में 95.43 प्रतिशत रिकवरी रेट है। सोनीपत में 95.04 प्रतिशत, फरीदाबाद में 94.94 प्रतिशत व अम्बाला में 95.90 प्रतिशत रिकवरी रेट है। 90 प्रतिशत से ज्यादा रिकवरी वाले 15 जिले हैं। बदलते मौसम और लगातार बढ़ रहे प्रदूषण के चलते संक्रमण को बढऩे से रोकने के लिए कुछ और ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

प्रदेश में दस हजार 42 केस एक्टिव हैं। करीब डेढ़ लाख लोगों को कोरोना हुआ है। हरियाणा में महिलाओं के मुकाबले पुरुषों के अंदर डबल कोरोना हुआ है। महिलाओं की संख्या 51 हजार 738 की संख्या तो पुरुषों की 98 हजार 282 की संख्या है।

Shivam