हरियाणा में इन शिक्षकों के लिए खुशखबरी, नायब सरकार देगी प्रमोशन की सौगात;13 अगस्त तक भेजने होंगे प्रस्ताव

punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 04:23 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : हरियाणा सरकार ने जेबीटी शिक्षकों को टीजीटी पदों पर पदोन्नत करने की प्रक्रिया को गति देते हुए सभी जिलों से पात्र शिक्षकों के आवेदन और सेवा अभिलेख 13 अगस्त तक भेजने के निर्देश जारी किए हैं। प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों (डीईईओ) को "मोस्ट अर्जेंट" श्रेणी में आदेश जारी करते हुए तय समय सीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

शिक्षा विभाग के अनुसार, हाल ही में विभिन्न विषयों में जेबीटी और सीएंडवी शिक्षकों को टीजीटी पदों पर पदोन्नति दी गई थी, लेकिन कई पात्र शिक्षकों के मामले निर्धारित समय के बाद प्राप्त हुए। ऐसे शिक्षकों को अब अंतिम अवसर दिया जा रहा है, ताकि वे अपनी वरिष्ठता और पात्रता के आधार पर पदोन्नति का दावा प्रस्तुत कर सकें। निदेशालय ने निर्देश दिए हैं कि सभी पात्र शिक्षकों के प्रमोशन केस 13 अगस्त 2026 तक हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कॉपी, दोनों माध्यमों से भेजे जाएं। प्रस्तावों के साथ शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अद्यतन एसीआर, विशेष एसीआर, अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) तथा समरी शीट संलग्न करना अनिवार्य होगा।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी पात्र शिक्षक का मामला समय पर नहीं भेजा जाता है और वह पदोन्नति से वंचित रह जाता है अथवा भविष्य में कोई कानूनी विवाद उत्पन्न होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी की होगी। ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारी को व्यक्तिगत रूप से जवाबदेह माना जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static