बुजुर्गों के लिए खुशखबरी! हरियाणा सरकार मुफ्त में कराएगी नांदेड़ साहिब के दर्शन, जानें कैसे करें अप्लाई
punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 04:32 PM (IST)
चंडीगढ़: हरियाणा के बुजुर्गों और श्रद्धालुओं के लिए राज्य सरकार ने भक्ति और सेवा का बड़ा तोहफा पेश किया है। 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' के तहत अब प्रदेश के पात्र बुजुर्गों को महाराष्ट्र स्थित सिखों के पावन धार्मिक स्थल श्री हजूर साहिब (नांदेड़) के दर्शन मुफ्त में कराए जाएंगे। इस विशेष तीर्थ यात्रा के लिए सरकार ने पूरा खाका तैयार कर लिया है और पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
5 मई, 2026 को कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन सीधे नांदेड़ साहिब जाएगी, जहाँ श्रद्धालुओं को ठहरने, खाने-पीने और दर्शन करने की तमाम सुविधाएं मुफ्त प्रदान की जाएंगी। इस मुफ्त यात्रा का लाभ उठाने के इच्छुक श्रद्धालुओं को समय रहते अपना पंजीकरण (Registration) कराना होगा।आवेदन करने की अंतिम तारीख 15 अप्रैल, 2026 तय की गई है।
कैसे करें आवेदन
श्रद्धालु अपने नजदीकी सीएससी (CSC) सेंटर पर जाकर या स्वयं सरल पोर्टल (SARAL Portal) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए परिवार पहचान पत्र (PPP) अनिवार्य है।
कौन उठा सकता है योजना का लाभ?
सरकार ने इस योजना के लिए कुछ कड़े लेकिन पारदर्शी नियम बनाए हैं। आवेदक की उम्र 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए।
केवल वही परिवार पात्र होंगे जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है।आवेदक का हरियाणा का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। इस योजना का लाभ एक व्यक्ति 3 साल में केवल एक बार ही ले सकता है।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने बुजुर्गों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना पंजीकरण कराएं, क्योंकि ट्रेन में सीटें सीमित हैं और इनका आवंटन "पहले आओ-पहले पाओ" के आधार पर किया जाएगा। पंजीकरण के बाद आवेदकों की सूची को जिला स्तर पर सत्यापित किया जाएगा और चयनित यात्रियों को मोबाइल पर मैसेज के जरिए सूचना दी जाएगी।