अलविदा 2019 : सालभर विवादों व सुर्खियों में रहा जींद का स्वास्थ्य विभाग

12/26/2019 12:15:20 PM

जींद (जसमेर) : जिले में स्वास्थ्य विभाग के लिए साल 2019 बहुत कड़वी यादें लेकर विदा हो रहा है। साल में जींद का स्वास्थ्य विभाग लगातार विवादों और सुर्खियों में रहा। खुद स्वास्थ्य विभाग के ए.सी.एस. से लेकर भाजपा विधायक डा.कृष्ण मिड्ढा के निशाने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी रहे। नए साल में कम से कम जींद का स्वास्थ्य विभाग 2019 को अपने लिए दोहराए जाने की उम्मीद कतई नहीं करेगा।

साल 2019 में जींद में स्वास्थ्य विभाग उस समय से ही विवादों के घेरे में आने लगा था, जब सिविल सर्जन पद से डा.संजय दहिया के हिसार में तबादले के बाद डा.शशि प्रभा को जींद की सिविल सर्जन नियुक्त किया गया था। डा.शशि प्रभा अग्रवाल के सिविल सर्जन के रूप में कार्यकाल के दौरान पहले तो सिविल अस्पताल में एक महीने से भी ज्यादा समय तक सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई रही।

कारण यह था कि अस्पताल में सफाई से लेकर दूसरी सेवाओं को लेकर आऊटसोॄसग का ठेका समय रहते नहीं दिया गया। बाद में जब ठेका दिया भी गया तो ठेकेदार ने मनमानी करते हुए कई साल से आऊटसोॄसग के तहत अस्पताल में काम कर रहे कर्मचारियों की जगह अपने चहेतों को भरना शुरू कर दिया। इसके विरोध में कर्मचारियों ने कई दिनों तक अस्पताल परिसर में धरना देकर हड़ताल की थी।  

Isha