गूगल से सड़क हादसे व चेतावनी की तत्काल मिलेगी जानकारी

11/23/2019 12:20:55 PM

गुडग़ांव(ब्यूरो): साइबर सिटी गुडग़ांव मेंं जाम की समस्या को खत्म करने के लिए गुडग़ांव पुलिस रोज नए तरीके इजाद करने के साथ ही कई नए प्रयोग भी किए जा रहे हैं। गुडगांव ट्रैफिक पुलिस द्वारा रजोकरी स्थित टोल प्लाजा से पहले अलग-अलग लेने बनाने के बाद से वहां काफी हद तक जाम की समस्या से निजात मिली है। 

अब लोगों को ट्रैफिक से सम्बंधित जानकारी के लिए गुडग़ांव ट्रैफिक पुलिस ने गूगल मैप के साथ अनुबंध यानि टाई-अप किया है। गूगल मैप पर गुडग़ांव पुलिस द्वारा सड़क बन्द, ट्रैफिक डाईवर्जन चेतावनी आदि के जानकारी के बारे मे साझा किया गया है। मसलन किसी विशेष तारीख या मैराथन के लिए किसी सड़क को बंद करने की योजना बनाती है तो यह जानकारी गूगल मैप पर उपलब्ध होगी। जब तक गुगल मैप पर रास्ता बन्द रहेगा तब तक दूसरा वैकल्पिक मार्ग गूगल मैप पर दिखता रहेगा।

इस प्रक्रिया का हाल ही में कई बार मौके पर परीक्षण किया गया जो पूरी तरह से खरा उतरा है। इसी तरह यदि कोई दुर्घटना हो जाती है तो यह जानकारी गूगल मैप पर तुरन्त दिखाई देगी और जो यात्री ट्रैफिक जाम में फंस जाते हैं, वे गूगल मैप में देख सकते है कि आगे सड़क दुर्घटना के कारण भीड हो रही है। ऐसे में वह किसी दूसरे वैकल्पिक मार्ग के जरिए जा सकते हैं।

पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन का कहना है कि इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को समय रहते सही जानकारी उपलब्ध कराना है जिससे उनका कीमती समय बर्बाद न हो। इससे पहले यह काम ट्रैफिक पुलिस को मौके पर खड़ा होकर करना पड़ता था। अब इस तकनीक की सहायता से लोगों को काफी राहत मिल रही है और उन्हें सही जानकारी तत्काल उपलब्ध हो रही है।

Edited By

vinod kumar