मांगें मानने के बाद भी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी, भाजपा विधायक ने उठाया कूड़ा(VIDEO)

5/17/2018 3:12:57 PM

अंबाला(अमन कपूर):  हरियाणा में सरकार ने सफाई कर्मचारियों की सभी मांगे मान ली है। लेकिन कर्मचारियों ने अभी भी अपनी हड़ताल खत्म नहीं की है। जिसके बाद सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए अंबाला शहर से भाजपा विधायक असीम गोयल ने अपने कार्यकर्ताओं और कुछ सफाई कर्मचारियों को साथ लेकर शहर से कूड़ा उठाने का काम किया। 

विधायक ने कहा कि गंदगी के कारण प्रदेश में बिमारियों का खतरा बढ़ रहा है। जिसको देखते हुए शहर से गंदगी साफ की गई। वहीं अंबाला के मेयर ने कर्मचारियों का समर्थन किया और विधायक के अभियान को फोटो सेशन बताया।

प्रदेश में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल आज 9वें दिन में प्रवेश कर गई है। विदेश दौरे से लौटे मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की हड़ताल खत्म करवाने के लिए उनसे मीटिंग की।जिसमें उनकी मांगे मानी भी गई लेकिन सहमति न बनने से हड़ताल खत्म नही हो पाई।

विधायक असीम गोयल ने कहा कि कुछ लोग कर्मचारियों की हड़ताल में अपना राजनीतिक हित देख रहे है। जिसकी वजह से ये हड़ताल इतनी लंबी खीची जा रही है।  विधायक ने उम्मीद जताई है कि कर्मचारी हड़ताल समाप्त कर देंगे। यदि ऐसा नही होता है तो शहर के लोगों को समस्या नही आने दी जाएगी।

अंबाला में विधायक बहुत से इलाको से गंदगी हटाने का काम तो कर चुके हैं लेकिन अभी भी शहर को साफ़ सफाई की काफी जरूरत है। क्यूंकि पिछले दिनों आई आंधी व बारिश ने सफाई व्यवस्था को बुरी तरह चरमरा दिया है। इस सबके बावजूद कर्मचारी हड़ताल पर बैठ सरकार के प्रति नाराजगी जता रहे हैं।

कर्मचारियों का कहना है कि सरकार झूठ बोल रही है उनकी कोई मांग नही मानी गई। विधायक सफाई अभियान चलाना चाहते है तो स्लम इलाको में चलाए। उन्होंने कहा कि विधायक 20 कर्मचारियों को साथ लेकर सफाई नही करवा सकते।

इस सारे मुद्दे पर अंबाला नगर निगम के मेयर रमेश मल का कहना है कि कर्मचारियों की मांग को माना जाना चाहिए। इन्ही कर्मचारियों की बदौलत अंबाला 308वें रैंक से 118वें रैंक तक पहुंचने में कामयाब हुआ है। इसलिए कर्मचारियों को उनका पूरा समर्थन है।  
 

Rakhi Yadav