सरकारी अस्पताल के वार्ड अटेंडेंट ने तीमारदार युवती से किया दुष्कर्म, मची सनसनी

9/11/2021 9:33:14 PM

कुरुक्षेत्र (रणदीप): कुरुक्षेत्र के सरकारी लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में तीमारदार युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस घिनौनी घटना को अंजाम देने का आरोप पीड़िता ने महिला वार्ड के वार्ड अटेंडेंट पर लगाया है। तीमारदार युवती से दुष्कर्म की खबर सामने आते ही पूरे अस्पताल में सनसनी फैल गई। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन डॉक्टरों के सुस्त रवैये की वजह से पीड़िता का मेडिकल समय पर नहीं हो सका, जिसके लिए पुलिस को काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। इस बारे मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉक्टर सारा अग्रवाल ने कहा कि फीमेल वार्ड से उन्हें स्टाफ नर्स ने बताया कि कुछ मामला हो गया और पुलिस जांच के लिए आई है, लेकिन लड़की के परिजनों की ओर से हमें कोई जानकारी नहीं दी गई है।  

वहीं पुलिस अधिकारी मांगेराम ने कहा कि युवती ने शिकायत दी है कि अस्पताल कर्मी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस शिकायत पर मामला दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच की जाएगी जो भी तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर कार्यवाही होगी।  
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

vinod kumar