सरकार जल्द पीपीपी मोड पर लाने या लीज पर देने का विचार कर रही है: कंवर पाल गुज्जर
punjabkesari.in Sunday, May 07, 2023 - 07:29 AM (IST)

चंडीगढ़( चंद्रशेखर धरणी): प्रदेश के पर्यटन विभाग को सरकार जल्द पीपीपी मोड पर लाने या लीज पर देने का विचार कर रही है। ऐसी जानकारी खुद शिक्षा,वन व पर्यटन मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने दी है। उन्होंने कहा कि देश का कोई ऐसा राज्य नहीं जहां सरकार पर्यटन विभाग चलाकर फायदे में हो। कंपटीशन के जमाने में प्राइवेट होटलों की भरमार है जो पीक समय में रेट बढ़ाते हैं और ऑफ समय में रेट घटा देते हैं। लेकिन सरकारी सिस्टम में ऐसा नहीं होता। इसी कारण अधिकतर राज्यों ने लीज पर देने जैसे फैसले किए। बेशक हमारी आलोचना भी होगी बावजूद इसके सरकार यह फैसला करने पर मन बना रही है।
कांग्रेस या अन्य सरकारों में इन्हीं के बच्चे एचसीएस क्यों लगते थे :गुर्जर
मिशन 2024 को लेकर प्रदेश के शिक्षा, वन और पर्यटन मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस के 10 साल के शासनकाल में भयंकर भेदभाव था। अगर कहे कल्पना से बाहर भेदभाव था तो भी गलत नहीं होगा। रोजगार देने में नियमों का पालन नहीं हुआ। जिस कारण बहुत सी भर्तियां रद्द हुई। नौकरियों में बंदरबांट हुई। पिछली सरकारों की तरह हमारी सरकार में एक भी विधायक या सांसद या मंत्री का बच्चा बड़ी नौकरी हासिल नहीं कर पाया जबकि कांग्रेस या अन्य सरकारों में इन्हीं के बच्चे एचसीएस क्यों लगते थे, क्या ऐसा काबिलियत की कमी के कारण हुआ है। आज बिना भेदभाव विकास हो रहा है। बिना भेदभाव रोजगार दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री महोदय ने पंचायतों में सीधे 1100 करोड रुपए दिए चाहे सरपंच कांग्रेस से संबंधित था या भाजपा का, चाहे जिला परिषद सदस्य या विधायक किसी भी दल के थे, कोई भेदभाव नहीं किया गया। मुख्यमंत्री ने सड़के रिपेयर करने के लिए सभी दलों के विधायकों से लिख कर देने के बाद 25-25 करोड़ देने की घोषणा की। हमने स्कूल अपग्रेड बिना भेदभाव के किए। सभी ब्लॉकों में संस्कृति मॉडर्न स्कूल दिए। 20 किलोमीटर से कम दूरी पर बच्चियों को कॉलेज में शिक्षा दिलवाने का वायदा किया। आज हरियाणा एक- हरियाणवी एक केवल हमारा नारा नहीं, हम इसे प्रैक्टिकल कर रहे हैं। हरियाणा में आज एक भी व्यक्ति भेदभाव का आरोप हमारी सरकार पर नहीं लगा सकता, यह हमारी निष्पक्षता का उदाहरण है।
जनता का विश्वास जीतने में हम सफल हुए, इसलिए हमारा उप हट गया है :गुर्जर
जननायक जनता पार्टी के उपमुख्यमंत्री से उप हटाने के बयानों पर गुर्जर ने कहा कि हर आदमी प्रगति की इच्छा रखता है। सभी उप हटाना चाहते हैं। कभी हमारे आगे भी उप लगा था। हम भी इसे हटाना चाहते थे। प्रयास किया और जनता का विश्वास जीतने में हम सफल हुए। आज हमारा उप हट गया है। इसलिए सोचना कोई बुरी बात नहीं। हर पार्टी का मकसद यही है कि पहले प्रदेश में शासन करें और फिर देश के बारे में सोचे।
जनता खुश है तो राजा बना देती है, नाराज है तो उतार कर हटा देती है :गुर्जर
गुर्जर ने कहा कि आज की तारीख में भाजपा का मुकाबला केवल कांग्रेस से है। इनेलो की पदयात्रा के रिजल्ट अभी नहीं आए। लेकिन व्यक्ति लोगों के बीच जाता है और बात रखता है, जनता उसका कितना साथ देती है यह वक्त देखना अभी बाकी है। जनता जनार्दन मालिक है। किसी के बाप दादा भले ही कितने बड़े नेता रहे हो, लेकिन जबरदस्ती सीट पर वह नहीं बैठ सकता। जनता खुश है तो राजा बना देती है। जनता नाराज है तो उतार कर हटा देती है। इसलिए जनता की समस्याएं सुनना, उनके दुख दर्द दूर करना ही हमारी ड्यूटी बनती है।
ईमानदारी का ढोल बजाने वाले लोगों की जांच होने लगी तो यह तिलमिला उठे हैं :गुर्जर
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जांच से नाराज आम आदमी पार्टी के सड़कों पर उतरने को लेकर प्रदेश के वन, पर्यटन और शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि ईमानदारी का ढोल बजाने और शोर मचाने वाले लोगों की जांच होने लगी तो यह लोग तिलमिला उठे हैं। लंबे समय तक हमारी भी जांच हुई। हमारे ऊपर भी झूठे आरोप लगे। हमने जांच का सामना किया और पाक साफ होकर जनता के सामने सच आया। इसलिए जांच से डरने की बजाय- जांच में बेझिझक बेखौफ शामिल होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल से पहले इन के उपमुख्यमंत्री को कई बार बुलाकर उनसे बातचीत की गई। जरूरत महसूस होने पर अधिकारियों ने गिरफ्तारी की। अब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बुलाया जा रहा है। उन्हें जांच में सहयोग करना चाहिए। क्योंकि देश के कानून से ऊपर कोई भी नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी जब मुख्यमंत्री थे, 9-9 घंटे तक उनसे भी पूछताछ हुई, लेकिन हमने कभी कोई एतराज नहीं किया। आखिरकार वह दोषमुक्त सिद्ध हुए और कोर्ट ने माना कि उनकी कोई गलती नहीं थी। अगर अरविंद केजरीवाल ने गलती नहीं की तो कोई जबरदस्ती उनकी गलती नहीं बना सकता।
सज्जन लोगों को माहौल खराब करने वाले लोगों के खिलाफ बोलने की जरूरत :गुर्जर
पंजाब में हुए हाल ही के घटनाक्रमों पर टिप्पणी करते हुए गुर्जर ने कहा कि यह स्थिति सबसे अधिक नुकसानदायक खुद पंजाब के लिए है। किसी समय सबसे एक नंबर पर रहने वाला पंजाब प्रदेश धीरे-धीरे पीछे हटता जा रहा है। उसका कारण वह लोग हैं जो ऐसी परिस्थितियों में चुपचाप बैठे हैं। पंजाब में अच्छे और सज्जन लोगों की संख्या बहुत ज्यादा और खराब लोगों की संख्या बहुत कम है। लेकिन अगर सज्जन यही सोचते रहेंगे कि हमें क्या जरूरत है तो इसका फायदा खराब आदमी उठाएंगे। क्योंकि उन्हें देश और समाज के नुकसान से कोई लेना-देना नहीं होता। प्रदेश में विकास और इन्वेस्टमेंट रुकेगी तो 100 फ़ीसदी लोग इससे प्रभावित होंगे। इसलिए सज्जन लोगों को इकट्ठा होकर इस प्रकार से भाईचारा और माहौल खराब करने वाले लोगों के खिलाफ बोलने की जरूरत है तभी इस प्रकार की बातों का समाधान निकलेगा।
कानून से ऊपर नहीं है राहुल गांधी :गुर्जर
राहुल गांधी की सदस्यता रद्द होने के बाद बंगला खाली करने के आदेशों पर सवालिया निशान खड़ी कर रही कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए प्रदेश के शिक्षा वन और पर्यटन मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि क्या देश के संविधान से राहुल गांधी ऊपर हैं कि वह सांसद नहीं भी रहेंगे तो भी उन्हें बंगला देना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लंबे समय तक देश पर शासन रहा उसी समय कानून में प्रावधान अगर कर लेते कि गांधी परिवार का कोई व्यक्ति विधायक या सांसद ना भी रहे तो भी उन्हें कोठी देनी पड़ेगी। संशोधन नहीं किया तो आज हमें संविधान जिस प्रकार की इजाजत देता है कि कोई सांसद है तो ही उसे कोठी देनी है तो राहुल गांधी भी इसी कानून के दरमियान आते हैं और राहुल गांधी की जगह कोई भी हो अगर वह सांसद नहीं है तो उसे यह सुविधा नहीं मिलेगी।