रेवाड़ी में हुए विकास कार्यों पर सरकार श्वेत पत्र जारी करे: दीपेन्द्र हुड्डा

8/10/2018 12:25:45 PM

रेवाड़ी(मोहिंद्र भारती): सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कोसली में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि देश व प्रदेश की भाजपा सरकारें पूरी तरफ से फ्लॉप हो चुकी हैं। यह सरकार काम नहीं केवल बातें करती है। जिसके कारण लोगों में भारी हताशा व निराशा है। प्रदेश सरकार इस क्षेत्र के लिए कोई नई परियोजना नहीं लेकर आई। उन्होंने 12 अगस्त को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में महेंद्रगढ़ के खेल स्टेडियम में होने वाली जनक्रांति यात्रा का निमंत्रण भी दिया। कोसली पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। इस मौके पर पूर्व विधायक राव यादुवेन्द्र सिंह भी मौजूद थे।

सांसद दीपेंद्र ने कहा कि रेवाड़ी के लोगों को भी पिछले दो सालों में विकास के नाम पर एक नया धेला भी नहीं मिला। रेवाड़ी ही नहीं बदहाली और मायूसी का ये आलम पूरे प्रदेश में है। हमारी सरकार के समय मंजूर परियोजनाओं पर भी भाजपा सरकार इमानदारी से काम नहीं कर रही है। भाजपा सरकार अपनी नाकामी छिपाने की नीयत से जनता की आवाज उठाने वाले राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साध रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा रेवाड़ी जिले और कोसली के विकास पर प्रतिवर्ष कितना वित्तीय आवंटन हुआ, विकास से जुड़े क्या-क्या नये काम मंजूर हुए और इनकी मौजूदा स्थिति क्या है आदि के बारे में सरकार श्वेत पत्र करे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सोच समाज को जोडऩे की है, भाजपा समाज के बिखराव से राजनीतिक फायदा उठाने का प्रयास करती है। 
 

Rakhi Yadav