सरकार के पास विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं : सी.एम.

1/7/2018 1:01:36 PM

करनाल(ब्यूरो):मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को अचानक अपने विधानसभा क्षेत्र करनाल में पहुंचकर क्षेत्र में चल रहे करोड़ों रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे विकास कार्यों में तेजी लाए और इन विकास कार्यों में कहीं पर भी कोताही दिखाई नहीं देनी चाहिए। सरकार के पास विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं है, अधिकारी विकास कार्य को करवाने में तेजी दिखाएं। मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान सबसे पहले करीब 57 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे पश्चिम यमुना नहर के किनारे पर कर्ण लेक के नजदीक से कैथल रोड पुल तक बन रहे बाईपास के कार्य का औचक निरीक्षण किया। बाईपास अपने निर्धारित समय 31 मार्च से पहले ही बनकर तैयार हो जाएगा। 

इसके उपरांत मुख्यमंत्री मनोहर लाल बलड़ी बाईपास पर करीब  8 करोड़ 49 लाख रुपए की लागत से बन रहे करनाल के नए बस अड्डे के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे और अधिकारियों से इस बारे में बातचीत करते हुए जानकारी ली कि कब तक यह बनकर तैयार हो जाएगा तो संबंधित अधिकारी ने बताया कि केवल जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से एस.टी.पी. लगाने का कार्य ही बाकी है। प्रथम चरण का 98 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है तथा जनवरी माह में ही इसका उद्घाटन हो सकता है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कहा कि पहले जन स्वास्थ्य विभाग का कार्य पूरा करवाएं, उसके बाद ही उद्घाटन के कार्य के बारे में विचार करें।

 नए बस अड्डे को चालू करने से पहले करनाल शहर में सिटी बस सेवा शुरू करवाई जाए और नए बस अड्डे की शुरूआत फरवरी माह में हरसंभव चालू हो जानी चाहिए। मौके पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कर्णदेव काम्बोज, नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी, ओ.एस.डी. अमरेंद्र सिंह, स्वच्छता मिशन हरियाणा के कार्यकारी उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र, उपायुक्त डा. आदित्य दहिया, एस.पी. जे.एस रंधावा, नगर निगम की आयुक्त डा.प्रियंका सोनी, ए.डी.सी. निशांत कुमार यादव, पी.डब्ल्यू.डी. के अधीक्षक अभियंता वीरेंद्र जाखड़, एस.डी.एम. नरेंद्र पाल मलिक सहित अन्य मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं का जाना हाल-चाल
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पी.डब्ल्यू.डी. विश्राम गृह में पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की तथा अन्य लोगों की समस्याएं भी सुनी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी। मुयमंत्री को आश्वासन दिलाया कि उनके नेतृत्व में करनाल विकास के मामले में आगे बढ़ रहा है।