6 नगर निगमों में चुनाव कराने को तैयार सरकार

5/28/2018 10:31:24 AM

चंडीगढ़(अविनाश): यदि वार्डबंदी का काम तय समय में पूरा हुआ तो सितम्बर महीने तक प्रदेश के 6 नगर निगमों में चुनाव प्रक्रिया पूरी हो सकती है। खट्टर सरकार भी इन निगमों में चुनाव को लेकर तैयार है। जून महीने में इन निगमों का कार्यकाल पूरा हो रहा है।

लिहाजा अब अगले 2 महीने में वार्डबंदी का काम पूरा होने की संभावना है। इसको लेकर अफसरों को खास हिदायत भी दी जा चुकी है। वहीं अम्बाला नगर निगम को भंग कर पहले की तरह से 2 नगर परिषद बनाने का मामला कोर्ट में पैंडिंग होने के कारण यहां वार्डबंदी का काम ठप्प पड़ा है।

जबकि इसी सरकार में बनाया गया सोनीपत नगर निगम का मामला भी खटाई में पड़ गया है, क्योंकि निगम में शामिल कई गांवों के लोग खुद को उससे अलग होने की मांग कर रहे हैं। पूर्व की हुड्डा सरकार में 7 शहरों में नगर परिषदों का दर्जा बढ़ाकर नगर निगम बनाया गया था। इन शहरों में पंचकूला, अम्बाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, रोहतक व हिसार शामिल थे।

खास बात यह थी कि अम्बाला में अम्बाला शहर और छावनी की नगर परिषदों को मर्ज किया गया था जबकि यमुनानगर में जगाधरी और यमुनानगर तथा पंचकूला में पंचकूला और कालका नगर परिषद शामिल थी। इन 7 नगर निगमों में जून 2013 में चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई थी जिसमें से अधिकांश निगमों में कांग्रेस समर्थित मेयर और पार्षद चुनाव जीतकर आए थे।

Rakhi Yadav