ओलावृष्टि व बरसात से बर्बाद हुई फसलों के लिए सरकार तुरंत करे स्पेशल गिरदावरी: रणदीप सुरजेवाला

2/26/2022 5:45:47 PM

चंडीगढ़(चन्द्र शेखर धरणी): भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव और मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा में बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि के कारण बर्बाद हुई फसलों की तुरंत विशेष गिरदावरी करवाकर सभी पीडि़त किसानों को तुरंत प्रभाव से मुआवजा देने की मांग की है। यहां जारी बयान में श्री सुरजेवाला ने कहा कि अंबाला, यमुनानगर, भिवानी, दादरी, नारनौल, गुरूग्राम, रोहतक, फतेहाबाद, सिरसा, महेन्द्रगढ़, पलवल सहित प्रदेश के अनेक जिलों में बेमौसमी बरसात व ओलावृष्टि से किसानों का भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि गेहूं, सरसों, सब्जियों तथा अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है। सरसों और सब्जियों में सबसे अधिक नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत प्रभाव से सरसों की बर्बाद हुई फसल के लिए 50 हजार रुपये प्रति एकड़ व सब्जियों के लिए 40 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से 15 दिन में मुआवजा जारी करना चाहिए।

सुरजेवाला ने कहा कि सरकार की गलत नीतियां और महंगाई की दोहरी मार झेल रहा हरियाणा का किसान आज बर्बादी के कगार पर पहुंच गया है। अन्नदाता की मेहनत जमीन में बिछी पड़ी है और चारों तरफ तबाही मची है। किसानों की फसलें पूरी तरह से बर्बाद होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है, लेकिन सरकार पूरी तरह से बेपरवाह और चैन की बंसी बजा रही है।
 
सुरजेवाला ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की दोनों सरकारें किसानों को बर्बाद करने पर तुली हुई हैं। किसान फसलों को मंडी में बेचने से लेकर उनके भुगतान तक जद्दोजहद करते हैं। पहले तो सरकार साजिशन किसानों की फसल की सरकारी खरीद नहीं करती है। वहीं किसानों को बीते महीनों खराब हुई फसल का मुआवजा अभी तक नहीं मिला है। प्रदेश का किसान पहले ही केंद्र और प्रदेश की किसान विरोधी भाजपा सरकारों की भेदभावपूर्ण जनविरोधी नीतियों की मार झेल रहा है, ऐसे समय में मौसम की यह मार किसानों के लिए बिल्कुल ही सहन करने के योग्य नहीं है, जिसे दूर करने के लिए उन्हें तुरंत राहत देने की सख्त जरूरत है।

 

Content Writer

Isha