ओलावृष्टि से खराब हुई फसल की तत्काल गिरदावरी कर मुआवजा दे सरकार: किरण चौधरी

3/2/2024 8:29:51 PM

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): कांग्रेस की वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री एवं तोशाम से विधायक किरण चौधरी ने सरकार से ओलावृष्टि से खराब हुई फसल की तत्काल गिरदावरी कराने और मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले में ओलावृष्टि से गेहूं, सरसों, चना व सब्जी की फसलों को नुकसान पहुंचा है। भिवानी, सोनीपत, रोहतक, हिसार व बरवाला, सिरसा, अंबाला, रेवाड़ी, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, जींद व चरखी-दादरी समेत हरियाणा के कई इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे फसलों को भारी नुकसान हुआ है।  

कांग्रेस विधायक ने कहा कि पिछले दिनों में भी ओलावृष्टि से अंबाला और यमुनानगर और कुरुक्षेत्र के आसपास के क्षेत्रों में फसल को नुकसान पहुंचा था, सरकार की ओर से गिरदावरी का ऐलान किया गया था, लेकिन अभी तक गिरदावरी की कोई स्टेटस रिपोर्ट नहीं है। 

किरण चौधरी ने कहा कि भिवानी के तोशाम बाढ़डा, लोहारू, दादरी और जिले के अन्य क्षेत्रों में हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा है। सरकार की नीतियों के चलते किसानों का फसलों का सही भाव नहीं मिल रहा है तो प्राकृतिक आपदा अन्नदाता के श्रम को हानि पहुंचा रही हैं, जिससे किसान की आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है। किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए सरकार तुरंत गिरदावरी करा मुआवजा दे। अब हुई बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि व तेज हवाओं से गेहूं की खड़ी फसल खेतों में बिछ गई है, जिससे  दाना कमजोर रहने व उत्पादन कम होने की संभावना है।

कांग्रेस विधायक ने कहा कि भाजपा के केंद्र व प्रदेश की गठबंधन सरकार से परेशान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृषि कानूनों को खत्म कर एमएसपी की गारंटी दी थी, लेकिन एमएसपी की गारंटी का वादा याद करवाने के लिए किसानों को दिल्ली जाने से रोका जा रहा है। प्रदेश की गठबंधन सरकार किसानों पर आंसू गैस के गोल छोड़ रही है तो पानी की बौछारों और कंटीली तारें व पत्थर लगाकर उनका रास्ता रोका जा रहा है।

राजस्थान की बजाय दक्षिणी हरियाणा तक पानी पहुंचाने की योजना बनाए सरकार

कांग्रेस विधायक किरण चौधरी ने एक बार फिर राजस्थान को पानी देने को लेकर हुए समझौते का विरोध जताया। उन्होंने कहा कि दक्षिणी हरियाणा पानी की किल्लत झेल रहा है। फसलों के लिए सिंचाई तो दूर की बात पीने के पानी की भी किल्लत है। सरकार को राजस्थान को पानी देने की बजाय दक्षिणी हरियाणा की प्यास बुझाने के लिए कार्य योजना तैयार करनी चाहिए। मगर सरकार हरियाणा के हितों का उल्लंघन करके राजस्थान को पानी देने के लिए समझौता कर रही है। कांग्रेस राजस्थान को पानी देने के फैसले के विरोध में है।

 

Content Writer

Manisha rana