किसानों पर दर्ज मुकद्दमे तुरंत वापस ले सरकार : दिग्विजय

12/4/2020 8:26:41 AM

चंडीगढ़ : जननायक जनता पार्टी ने राज्य सरकार से आग्रह करते हुए मांग की है कि किसान आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज किए गए मुकद्दमे तुरंत वापस लिए जाएं। जजपा के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि इस विषय को लेकर जजपा नेता जल्द राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल व गृह मंत्री अनिल विज से मुलाकात करेंगे। 

दिग्विजय सिंह चौटाला चंडीगढ़ स्थित इनसो के केंद्रीय कार्यालय में पत्रकारों से रू-ब-रू हो रहे थे। इस अवसर पर जजपा प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह, वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. के.सी. बांगड़, प्रदेश कार्यालय सचिव रणधीर सिंह आदि मौजूद रहे। साथ ही जजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार और किसानों के बीच चल रहे वार्ता के दौर से सकारात्मक परिणाम किसानों के हित में आएंगे।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि अपनी बात रखने के लिए धरना-प्रदर्शन करना किसानों का अधिकार है। किसानों के दिल्ली कूच के दौरान व्यवस्था स्थापित करने के लिए राज्य सरकार व पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से कदम उठाए और उस दौरान मुकद्दमे भी दर्ज हुए। उन्होंने कहा कि हम भी किसान परिवार से जुड़े हुए हैं और राज्य की सरकार भी किसानों की सरकार है। इसलिए प्रदेश सरकार किसानों पर दर्ज मुकद्दमे वापस लेने की दिशा में तुरंत कदम उठाए। 

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि केंद्र ने एम.एस.पी. को लिखित तौर पर शामिल करने के संकेत दिए हैं, जो कि सरकार की ओर से सकारात्मक कदम है। एम.एस.पी. को लेकर किसानों के संशय और एम.एस.पी. की स्पष्टता को देखते हुए जजपा ने भी यही मांग की थी, जिसे सरकार पूरा करने को राजी है। उन्होंने कहा कि किसानों से 3 दिसम्बर की बजाय 1 दिसम्बर को बातचीत करने की हमारी मांग को भी केंद्र ने माना था। उन्होंने कहा कि बातचीत का दौर सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। दिग्विजय ने दोहराया कि जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला व पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की इस पर पैनी नजर बनी हुई है। 

Manisha rana