Tokyo Olympics 2021: खिलाड़ियों के बैंक खातों में डाली गई 5.00 लाख रूपए की ‘तैयारी राशि’

6/3/2021 10:27:27 AM

चंडीगढ़(चन्द्र शेखर धरणी):  हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के खिलाडिय़ों के कठोर परिश्रम व संघर्ष का सम्मान करने  के लिए समय-समय पर नई प्रोत्साहन योजनाएं प्रारम्भ करती रहती है। हाल ही में  मुख्यमंत्री श्री  मनोहर  लाल के नेतृत्व तथा  खेल एवं युवा कार्यक्रम राज्य मंत्री सरदार संदीप  सिंह के मार्गदर्शन में खेल एवं युवा मामले विभाग द्वारा टोक्यो ओलम्पिक-2021 में चयनित होने वाले राज्य के पात्र खिलाडिय़ों के बैंक खातों में 5.00 लाख रूपये की ‘तैयारी राशि’ उपलब्ध करवाई गई है।

इस  संबंध में  जानकारी देते हुए  खेल एवं युवा मामले विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि अब तक खेल  विभाग, हरियाणा द्वारा ओलम्पिक खेलों में प्रतिभागिता करने के बाद खिलाडिय़ों को 15.00 लाख रूपये की ईनाम राशि प्रदान की जाती थी ,लेकिन अब ओलम्पिक खेलों से पहले उपलब्ध करवाई  जाने  वाली  5.00 लाख रूपये की यह अतिरिक्त तैयारी राशि राज्य के प्रतिभागी खिलाडिय़ों को बेहतर प्रशिक्षण, डाईट व उनके खेल के विश्वस्तरीय खेल उपकरण प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होगी।

उन्होंने बताया कि टोक्यो ओलम्पिक-2021 के उपरांत इन खेलों में प्रतिभागिता करने वाले राज्य के खिलाडियों को 15.00 लाख रूपये के नकद ईनाम से भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने  बताया कि ओलंपिक  खेल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले राज्य के खिलाड़ी को 6.00 करोड़ रूपये, रजत पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 4.00 करोड़ रूपये तथा कांस्य पदक प्राप्त् करने वाले खिलाड़ी को 2.50 करोड़ रूपये की नकद ईनाम राशि प्रदान की जाएगी।

Content Writer

Isha