सीएम खट्टर का फैसला, अब प्रदेश में नई घोषणाएं नहीं करेगी सरकार

3/29/2018 11:36:31 AM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): साल 2019 के चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से एक्शन मोड में आ चुकी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर पांच जिलों के पार्टी पदाधिकारियों की बैठक बुलाई, जहां सरकार के साढ़े तीन सालों के कार्यों की फीडबैक मांगी गई और बाकी के डेढ़ सालों में किए जाने वाले कामों की डिमांड भी मांगी गई। बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि प्रदेश में अब कोई नई घोषणा नहीं की जाएगी क्योंकि घोषणा पूरी न होने की सूरत में चुनावों के दौरान इसे मुद्दा बनाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने पांच जिलों करनाल, पानीपत, रोहतक, पलवल और यमुनानगर के पदाधिकारियों के साथ  सीएम की घोषणाओं और सरकारी योजनाओं पर चर्चा की। 

बैठक के बाद राज्य मंत्री कर्ण देव कंबोज ने कहा कि अब प्रदेश सरकार की ओर से कोई भी नई घोषणा नहीं की जाएगी। क्योंकि नई घोषणा के पूरा न होने से उसे चुनावी मुद्दा बनाया जाता है। उन्होंने बताया कि सीएम ने अब तक 4600 घोषणाएं की हैं जिनमे से 3200 के करीब पूरी की जा चुकी हैं बाकी घोषणाओं को जल्द पूरा किया जाएगा। बैठक में सरकार की तमाम योजनाओं और घोषणाओं की समीक्षा की गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं की नाराजगी पर बोलते हुए काम्बोज ने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता सरकार के कामकाज से खुश है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं से डिमांड मांगी है और कहा कि कि अगले डेढ़ साल में सभी मांगों को पूरा किया जाएगा। चुनावों के बारे में बोलते हुए कंबोज ने कहा भाजपा का कार्यकर्ता हर समय चुनाव के लिए तैयार रहते हैं।

बैठक में पांचों जिलों के पदाधिकारियों के साथ-साथ मंत्री व विधायक भी मौजूद रहे। बैठक के बाद पानीपत ग्रामीण के विधायक बाद भाजपा विधायक महिपाल ढांडा ने कहा कि सीएम की घोषणाओं और सरकारी योजनाओं पर चर्चा हुई। सरकार के कामकाज से कार्यकर्ता संतुष्ट है अौर हर जगह समान विकास किया गया है। ढांडा ने कहा भाजपा कार्यकर्ता हमेशा चुनावी मोड में रहता है। महिपाल ढांडा ने दावा किया है कि अगर आज चुनाव हुए तो 70 से ज्यादा सीटें भाजपा को मिलेंगी।
 

Punjab Kesari