अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने शोक जताया

8/17/2018 10:39:55 AM

चंडीगढ़(ब्यूरो): हरियाणा के राज्यपाल प्रो.कप्तान सिंह सोलंकी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि उनके निधन से भारतीय राजनीति के एक युग का अंत हो गया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने वाजपेयी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके निधन को देश, राजनीति और भाजपा के लिए एक अपूर्णीय क्षति बताया। मुख्यमंत्री ने वाजपेयी को एक महान कवि, जुझारू पत्रकार और वक्ता बताते हुए कहा कि वे एक सच्चे राष्ट्रवादी और दूरदर्शी राजनेता थे, जिन्होंने अपने विलक्षण गुणों से देश के राजनीतिक परिदृश्य को बदल दिया था। 

लोगों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उनका सम्मान किया। हरियाणा के शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि वाजपेयी के निधन से देश की राजनीति का एक मजबूत स्तम्भ ढह गया। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डा.बनवारी लाल ने कहा कि वाजपेयी के निधन से देश और राजनीति को एक अपूर्णीय क्षति हुई है। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वाजपेयी की मृत्यु से देश ने एक महान शख्सियत खोई है, जिसकी भरपाई नहीं हो सकती।

Rakhi Yadav