चंडीगढ़ में हुई ''भान'' की ग्रैंड ताजपोशी, रोड शो में उमड़ी भारी भीड़
5/4/2022 10:47:42 PM
चंडीगढ़(धरणी: हरियाणा कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदय भान की ताजपोशी को लेकर दिल्ली बॉर्डर से चंडीगढ़ तक जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उन्होंने चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय में अपना पदभार संभाला। रास्ते में पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा व नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष उदयभान का लोगों ने जिस अंदाज से स्वागत किया, वह नजारा देखते ही बनता था। इस मौके पर राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी मौजूद रहे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा, चौ. उदयभान और दीपेंद्र हुड्डा के स्वागत के लिए कुंडली बॉर्डर से लेकर चंडीगढ़ पार्टी दफ्तर तक हजारों की तादात में कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने जोरदार नारों के साथ अपने नेताओं का स्वागत किया। इस दौरान पूरा हाईवे कांग्रेस पार्टी, सोनिया गांधी, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र सिंह हुड्डा जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा।
पार्टी दफ्तर पहुंचने पर पार्टी के वरिष्ठ नेता ने पत्रकारों से बातचीत की। कोरोना पॉजीटीव होने की वजह से श्रुति चौधरी इस मौके पर मौजूद नहीं थी। विवेक बंसल ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष व कार्यकारी अध्यक्षों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि नई टीम जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगी और उनके मुद्दों के लिए संघर्ष करेगी।
हुड्डा बोले, बदलाव का मूड बना चुकी है प्रदेश की जनता
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि अपने पूरे राजनीतिक सफर के दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं में इतना उत्साह कभी नहीं देखा, जितना आज देखने को मिला। दिल्ली से चंडीगढ़ तक कम से कम 40 जगहों पर हजारों की तादाद में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। हर जगह वहीं उत्साह, उमंग और जोश देखने को मिल रहा था। हुड्डा ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्षों को हार्दिक बधाई दी और भरोसा जताया कि वह पार्टी व हाईकमान के विश्वास पर खरा उतरेंगे। प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने इसे पूरी तरह विफल करार दिया। उन्होंने कहा कि आज किसान, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी, गरीब, मध्यम वर्ग समेत हर कोई सरकार की नीतियों से परेशान है। जनता प्रदेश की सत्ता में बदलाव चाहती है। हर वर्ग आज विकल्प के तौर पर कांग्रेस को देख रहा है।
22 मई को फतेहाबाद में आयोजित होगा, विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रम
सत्ताधारी भाजपा पर निशाना करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, निवेश व विकास में पहले पायदान पर था। उन्होंने हरियाणा को शिक्षा व खेलों का हब बनाया था। लेकिन मौजूदा सरकार ने हरियाणा को महंगाई, बेरोजगारी, अपराध और भ्रष्टाचार में पहले पायदान पर पहुंचा दिया। सरकारी विभागों में लाखों पद खाली पड़े हुए हैं लेकिन सरकार नौकरी देने की बजाए लोगों को नौकरी से हटाने का काम कर रही है। स्थिति यह है कि स्कूलों में शिक्षक, अस्पतालों में डॉक्टर और सरकारी दफ्तरों में कर्मचारी नहीं हैं। हुड्डा ने बताया कि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान उनकी सरकार ने हरियाणा को बिजली सरप्लस स्टेट बना दिया था। इसके विपरीत, आज प्रदेश बिजली संकट से गुजर रहा है। इसके अलावा भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जानकारी दी कि अगला विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रम 22 मई को फतेहाबाद में होगा।
हरियाणा में तीन चौथाई बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनना तय
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष उदयभान आज के रोड शो के दौरान उमड़ी भीड़ को देखकर काफी गदगद नजर आए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ और उत्साह की वजह से दिल्ली से चंडीगढ़ तक 4 घंटे का सफर 11 घंटे में पूरा हो सका। आज पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार देखने को मिला। उसे देख कर भरोसे के साथ कहा जा सकता है कि हरियाणा की सत्ता में बदलाव और कांग्रेस की तीन चौथाई बहुमत के साथ सरकार बनना तय है। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी और फिर बारिश के बावजूद पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह जस का तस बना रहा। यह सरकार की नीतियों के प्रति लोगों में रोष और कांग्रेस के उज्जवल भविष्य के प्रति उम्मीद दोनों को दर्शाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस आमजन की आवाज को सड़क से लेकर विधानसभा और संसद तक मजबूती के साथ उठाने का काम करेगी। आने वाले दिनों में जल्द ही नया संगठन तैयार हो जाएगा। इसपर युद्ध स्तर पर कार्य किया जाएगा।
अपने नेताओं का स्वागत करने पहुंचे लोगों का कहना था कि कांग्रेस हाईकमान ने जनभावनाओं के अनुरूप चौधरी उदय भान को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर भूपेंद्र सिंह हुड्डा को कमान सौंपने का फैसला लिया है। अब हरियाणा में कांग्रेस की वो लहर देखने को मिलेगी जो बीजेपी-जेजेपी गठबंधन को सत्ता से बेदखल कर देगी। उन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे व इससे सटे रास्तों पर इतनी भारी भीड़ उमड़ आई है कि जाम की स्थिति बन गई है। पूरा नेशनल हाईवे चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा, चौ. उदयभान और दीपेंद्र हुड्डा के झंड़े, बैनर और पोस्टरों से पट गया है। जहां नजर दौड़ाओ नेशनल हाईवे पर तिरंगी छटा देखते को मिल रही है। कार्यकर्ताओं ने बताया कि लंबे वक्त के बाद कांग्रेसजन एक साथ इतनी बड़ी तादाद में अपने नेताओं के स्वागत में सड़कों पर उतरे हैं। कार्यकर्ताओं का यह जोश हरियाणा में सत्ता परिवर्तन की गारंटी दे रहा है। खुद राम जी ने बारिश करके भूपेंद्र सिंह हुड्डा और चौधरी उदयभान को आशीर्वाद दिया है। जिस तरह आज की बारिश ने लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत दिलाई है, उसी तरह आने वाले दिनों में भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार बीजेपी-जेजेपी के कुशासन से हरियाणा की जनता को राहत दिलाएगी।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)