मातम में बदली खुशियां, DJ पर नाच रहे NRI दूल्हे की गोली लगने से मौत(Video)

12/31/2017 3:58:15 PM

गुहला चीका(जेबी गोयल): गुहला चीका में हुए हादसे से परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। जिस घर में शादी की शहनाईयां बज रही थी वहां अब रोने की आवाजें गूंज रही है। जो दुल्हन मेंहदी लगाए कई सपने सजों रही थी एक खबर से उसकी खुशियां मातम में बदल गई। दरअसल कैथल जिले के कस्बा गुहला में शादी समारोह में बीती रात डीजे पर नाच रहे NRI दुल्हे की गोली लगने से मौत हो गई अौर अन्य दो घायल हो गए। घायलों को चंडीगढ़ रैफर किया गया है। 

मिली जानकारी के अनुसार कस्बा गुहला का विक्रमजीत सिंह पिछले 12 साल से स्विटजरलैंड में सेटल था। रविवार को विक्रमजीत सिंह(36) की शादी पंजाब के बाबा बकाला निवासी एक लड़की से होनी थी। एक तरफ कुरुक्षेत्र के पिपली में एक रिजोर्ट में शादी समारोह की तैयारियां चल रही थी तो दूसरी तरफ गुहला में विक्रमजीत सिंह की जागो निकल चुकी थी। इसके बाद देर रात करीब 11 बजे विक्रमजीत सिंह के तमाम परिजन और यार-दोस्त डीजे पर नाच-कूदकर खुशियां मना रहे थे। दूल्हा भी साथ में नाच कर रहा था। इसी दौरान खुशी में नाचते-नाचते हवाई फायरिंग कर रहे मृतकके परिवार के ही एक सदस्य को किसी दूसरे का हाथ लगा और गोली का निशाना ऊपर की बजाय नीचे हो गया। गोली सीधी दूल्हे विक्रमजीत सिंह को लगी, जिसके बाद तुरंत बाद वह वहीं गिर पड़ा। साथ ही विक्रमजीत के दो दोस्तों जो आपस में सगे भाई हैं, उन्हें भी छर्रे लगे। 

जिसके बाद तीनों को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, यहां से पटियाला के राजिंद्रा अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पटियाला में डॉक्टर्स ने दूल्हे विक्रमजीत सिंह को डेड घोषित कर दिया। एक दोस्त नवतेज सिंह को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया है। इसके अलावा दूसरे दोस्त यानि नवतेज के भाई विक्रम सिंह का पटियाला में ही इलाज चल रहा है।

गुहला के एसएचओ सत्यप्रकाश दहिया का कहना है कि हादसे के शिकार लोगों के परिजनों की तरफ से कोई शिकायत नहीं आई है। मामले की जांच-पड़ताल के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।