जमीनी विवाद को लेकर 2 पक्षों में चली धड़ाधड़ गोलियां, 4 गंभीर

5/6/2017 9:23:29 AM

करनाल (कमल मिड्ढा):करनाल के गांव चौगामा के डेरे पर जमीनी विवाद के चलते झगड़े ने उस वक्त गम्भीर रूप ले लिया जब वहां धड़ाधड़ गोलियां चलने लगी। एक साथ हुए कई राऊंड फायर में एक ही पक्ष के 4 लोगों के घायल होने का समाचार है। घायलों को तुरंत नगर के सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत को देखते हुए करनाल रैफर कर दिया गया। वहीं मौके पर पहुंचे डी.एस.पी. दलबीर सिंह व एस.एच.ओ. बलबीर सिंह ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घायलों के परिजनों का कहना है कि वह अपने खेत में रास्ता तैयार कर रहे थे कि तभी कुछ लोग वहां आए और उन्होंने उन्हें ऐसा करने से रोका। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्होंने उन लोगों को समझाने की कोशिश की, कि वे अपने खेत में रास्ता बना रहे हैं और किसी अन्य के खेतों में कोई दखलअंदाजी नहीं कर रहे। 

आरोप है कि बातचीत के दौरान ही आरोपी पक्ष के लोगों ने बंदूक निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तकरीबन 8 राऊंड के करीब फायर हुए, जिसके चलते पीड़ित पक्ष के 4 लोग घायल हो गए।

मामले की सूचना मिलते ही डी.एस.पी. दलबीर सिंह व थाना प्रभारी बलबीर सिंह मौके पर पहुंचे। वहीं घायलों को नगर के सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां से उनकी हालत को देखते हुए उनको करनाल रैफर कर दिया गया।

वहीं, थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि जमीनी विवाद को लेकर फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई है। 4 लोग घायल अवस्था में नगर के सामान्य अस्पताल लाए गए थे जिन्हें करनाल रैफर किया गया है। वहीं मामले की जांच की जा रही है।