गिर रहा है वाटर लेवल: यमुनानगर के 251 गांवों में भूजल स्तर गिरा, भविष्य में खतरे की घंटी

5/19/2023 10:43:16 AM

यमुनानगर: जिले के 7 में से 4 खंडों के 251 गांवों में भूजल लेवल लगातार गिर रहा है। इन गांवों में हर साल दो से तीन फीट पानी का लेवल नीचे खिसक रहा है, जो कि भविष्य के लिए खतरे की घंटी है. सबसे ज्यादा खराब स्थिति जगाधरी, सरस्वती नगर, साढौरा व रादौर ब्लॉक के गांवों में है। 

विशेषज्ञों के अनुसार साल 2002 में 40 फीट, 2022 में 87, 2047 में 146 और 2100 में 271 फीट भूजल गहराई की स्थिति बन सकती है। भूजल संकट को लेकर सरकार की तरफ से अटल भूजल योजना चलाई हुई है, जिसके तहत लोगों को पानी बचाओ के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

अटल भूजल योजना में कार्यरत आईईसी विशेषज्ञ भूपेंद्र सिंह ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के 14 जिलों में से यमुनानगर  के 7 खंडों में से 4 खंड डार्क जोन में आते है, जिसमें साढ़ौरा खंड पहले नंबर पर है। उन्होंने बताया कि प्रति वर्ष 2 से 3 फीट भूजल स्तर नीचे जा रहा है। पंचायतों के माध्यम से लोगों को खेतों में पानी के इस्तेमाल करने के अलावा स्कूलों में भी कई कार्यक्रमों के माध्यम से भी जागरूक अभियान चलाए गए हैं। 

Content Writer

Isha