BJP ने जी.एस.टी. के नाम पर जनता पर टैक्सों का कमरतोड़ भार लादा:सुरजेवाला

7/16/2017 8:49:19 AM

सफीदों (प्रवीन):नगर की अग्रवाल धर्मशाला में जी.एस.टी. को लेकर विशाल व्यापारी महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में मुख्यातिथि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य ने की। महापंचायत में युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष संजय छौक्कर, पूर्व विधायक राधेश्याम शर्मा, पूर्व विधायक पवन दीवान, पूर्व विधायक रमेश गुप्ता, पूर्व विधायक फूल सिंह खेड़ी, पूर्व मुख्यमंत्री राव विरेंद्र सिंह के पोते राव अर्जुन सिंह के अलावा पार्टी व व्यापारियों के अग्रणी नेताओं ने शिरकत की। 

पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य ने कहा कि केंद्र सरकार व्यापार व व्यापारी दोनों को तबाह कर देना चाहती है। राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा ने जी.एस.टी. के नाम पर जनता पर टैक्सों का कमरतोड़ भार लाद दिया है। सरकार ने दैनिक प्रयोग की वस्तुओं, कपड़ा उद्योग, खेतीबाड़ी पर भी भारी टैक्स लगाकर आम जनता को परेशान करने का कार्य किया है। 

उन्होंने कहा कि कपड़ा उद्योग देश में कृषि के बाद दूसरा सबसे बड़ा रोजगार पैदा करने वाला क्षेत्र है। जी.एस.टी. की मनमानी ड्यूटी संरचना से इस सैक्टर पर बुरा प्रभाव पड़ेगा तथा छोटे व मध्यम कारोबारियों की रोजी-रोटी बंद हो जाएगी। व्यापारी सम्मेलन को पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य, युवा कांग्रेस नेता अशोक आर्य, जिला परिषद की पूर्व अध्यक्षा व महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव वीना देशवाल, बिरेंद्र जागलान, संदीप सांगवान, हरियाणा किसान खेत मजदूर युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नरेंद्र खर्ब व प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र फौगाट, युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष संजय छौक्कर, व्यापारी नेता सुभाष जैन, सत्यवान सैनी, कैलाश सिंगला, रामगोपाल अग्रवाल, ला. रामेश्वर दास गुप्ता, ईश्वर कौशिक, शंकरदास अरोड़ा, सत्येंद्र शर्मा, पूर्व पार्षद मनोज दीवान, शिवचरण गर्ग, अमरनाथ गुप्ता व के.सी. गोयल ने भी सम्बोधित किया।