जी.टी. रोड बेल्ट में पैठ बढ़ाने में जुटे हुड्डा

5/20/2018 8:41:38 AM

चंडीगढ़(बंसल): पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा जी.टी. रोड बैल्ट में पैठ बढ़ाने के प्रयासों में जुट गए है, क्योंकि 2014 के चुनावों में कांग्रेस इन क्षेत्रों में एक भी सीट जीत नहीं पाई थी। ऐसे में जहां वह अपनी रथ यात्रा की शुरूआत समालखा से शुरू करने जा रहे है तो वहीं आज इस बैल्ट से जुड़े पंचकूला, यमुनानगर, अम्बाला तथा कुरुक्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर अपने विचार सांझा किए। 

हुड्डा ने कहा कि अधिकांश हरियाणावासियों का चंडीगढ़ पहुंचने का रास्ता जी.टी. रोड से है। इसलिए होडल के बाद दूसरे चरण में जनक्रांति रथ यात्रा की शुरूआत जी.टी. रोड के समालखा से 3 जून से शुरू की जा रही है। 

यहां बता दें कि इस बार जी.टी. बैल्ट पर भाजपा ने सीटें जीती थी, तभी से कांग्रेस यहां अपना आधार बढ़ाने का प्रयास कर रही है। हुड्डा ने कहा कि जी.टी. रोड के साथ लगते इलाके के लोगों ने भाजपा नेताओं की झूठी बातों में आकर उसे गत विधानसभा चुनाव में सत्ता तक पहुंचाने में बड़ा रोल अदा किया लेकिन भाजपा राज में पहली चोट इसी इलाके के लोगों पर पड़ी। 

इस क्षेत्र की धान, पॉपुलर, सूरजमुखी, आलू, टमाटर और गन्ना आदि प्रमुख फसलों के गिरे भावों ने किसान की कमर तोड़कर रख दी और व्यापार की चमक भी फीकी पड़ गई। अब इस इलाके के लोगों पर विशेष जिम्मेदारी आ पड़ी है कि वे भाजपा को प्रदेश से चलता करने में अग्रणी भूमिका निभाएं। हुड्डा ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के सामयिक दखल व जे.डी.एस. तथा कांग्रेस पार्टी के विधायकों की एकजुटता ने देश में प्रजातंत्र को कत्ल होने से बचा लिया है। 

कर्नाटक में विपक्ष की जीत की खबर से उत्साहित कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए हुड्डा ने कहा कि आप इस लय को बनाए रखें, ताकि झूठी और फरेबी भाजपा सरकार को हरियाणा से खदेड़ा जा सके। हुड्डा ने कहा कि भाजपा की कोई बात यकीन करने लायक नहीं है। हरियाणा में कोई ऐसा वर्ग नहीं है, जिसको भाजपा ने नहीं ठगा हो। भाजपा ने विकास में छलांगें मारने वाले हरियाणा को दसों साल पीछे कर दिया है। 


 
 

Rakhi Yadav