शहर में फिर सक्रिय हुआ गुलेल गिरोह, कार का शीशा तोड़ उड़ाए 60 हजार रुपए

3/4/2020 1:08:57 PM

गुडग़ांव (ब्यूरो) : शहर में एक बार फिर गुलेल गिरोह सक्रिय हो गया है। इन गिरोह के खिलाफ गुडग़ांव पुलिस की एंटी स्नैचिंग स्टाफ टीम ने काफी समय पहले व्यापक अभियान चलाया था और इस गिरोह के कई सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़े थे। एक बार फिर शहर में यह गिरोह सक्रिय हो गया है। गिरोह के सदस्यों ने शहर के सैक्टर-14 थाना एरिया अंतर्गत एक कार का शीशा तोड़कर गाड़ी में रखे करीब 60 हजार रुपए पर हाथ साफ कर लिया। 

पीड़ित जब वापस आया तो कार का शीशा टूटा देखकर हैरान रह गया। जब उसने देखा तो कार में रखा बैग नहीं था। पीड़ित के अनुसार, बैग में करीब 70 हजार रुपए थे। पीड़ित ने इसकी लिखित शिकायत सैक्टर-14 थाना में दी जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, शमशेर सिंह रेवाड़ी के बेरियावास गांव में रहते हैं।

पुलिस को दी गई शिकायत में उन्होंने बताया है कि वह अपनी कार से सैक्टर-14 स्थित अपोलो अस्पताल गए थे। वे अस्पताल के पीछे कार खड़ी कर अंदर चले गए। जब वह कुछ देर बाद वापस आए तो देखा कि उनकी कार के ड्राइवर साइड का पीछे वाला शीशा टूटा हुआ है। जब उन्होंने कार में देखा तो अंदर रखा बैग गायब था। उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर बताया है कि बैग में 60 हजार रुपए थे। पुलिस मौके पर भी पहुंची और जांच पड़ताल की।

फिलहाल शिकायत पर पुलिस ने सम्बंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आपको बता दें कि काफी पहले शहर में ठक-ठक, पंक्चर, ऑयल, गुलेल गिरोह सक्रिय था। हालांकि यह एक ही गिरोह था लेकिन इनके अलग-अलग नाम थे। घटना के बाद माना जा रहा है कि यह गिरोह फिर सक्रिय हो गया है।

Isha