दुष्कर्म के आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

1/3/2017 11:18:43 PM

गुड़गांव: मिलेनियम सिटी में शादी का झांसा देकर दिल्ली की एक युवती के साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद केस दर्ज उसकी तलाश शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। जांच अधिकारी लेडी एसआई मुकेश ने बताया कि दिल्ली पुलिस से एक जीरो एफआईआर आई थी। पुलिस ने मामले की जानकारी लेेने के बाद पीड़ित लड़की का मेडिकल कराने के बाद उसका मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराया। बाद में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया। आरोप है कि आरोपी ने लड़की के साथ सेक्टर-29 एरिया के किसी होटल में उसे ले जाकर दुष्कर्म किया था।

फिलहाल आरोपी की तलाश में पुलिस जुट गई है। सेक्टर-29 थाने में इसकी शिकायत दिल्ली पुलिस की ओर से बीते 31 दिसम्बर को आई थी। उस वक्त जब पुलिस ने युवती से सम्पर्क किया तो वह गुडग़ांव आने में असमर्थता जताई। अगले दिन पुलिस ने दोबारा युवती से सम्पर्क कर उसका बयान दर्ज करते हुए सारी कार्रवाई पूरी की। आपको बता दें कि लड़की ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया है कि उसका सम्पर्क गुडग़ांव के रहने वाले दीपक से शादी की एक साइट पर हुआ था। दोनों के बीच चैटिंग होने लगी और फिर दोनों एक दूसरे से घुलमिल गए। इस दौरान आरोपी ने लड़की से शादी करने का प्रस्ताव रखा। शादी के प्रस्ताव को लड़की मान गई। लड़की का आरोप है कि शादी का झांसा देकर युवक ने उसके साथ शरीरिक सम्बंध बनाए। जब लड़की ने शादी का दबाव डाला तो वह आनाकानी करने लगा। लड़की ने इसकी शिकायत देते हुए दिल्ली के थाने में मामला दर्ज कराया।