वाहन ने मासूम को कुचला, मौत

1/23/2017 11:13:25 PM

गुड़गांव (ब्यूरो):साइबर सिटी में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अभी एक दिन पहले शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महिला समेत 2 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं शहर के सुशांतलोक थाना क्षेत्र में भी रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां वाहन के धक्के से एक 6 साल की मासूम की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक बच्ची के पिता की शिकायत पर वाहन चालक के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार मूलरूप से छत्तीसगढ़ के मारवां निवासी राजेंद्र अपने परिवार के साथ शहर के सेक्टर-44 में रहता है। बताया जाता है कि शनिवार की सुबह उसकी 6 साल की बेटी योगेश्वरी खेल रही थी। इस दौरान वह तेज गति से आ रही एक वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। 

घटना होते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई। आनन- फानन में बच्ची को पास के अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस सम्बंध में सुशांतलोक थाना पुलिस ने बताया कि राजेेंद्र की शिकायत पर वाहन चालक दिल्ली निवासी अंकित गोयल नाम के व्यक्ति के खिलाफ 279/304 धारा के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। 

दूसरी ओर सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-39 में एक अज्ञात वाहन ने महिला को धक्का मार दिया। वाहन के धक्के से महिला घायल हो गई। पुलिस को दी गई शिकायत में फरीदाबाद के जवाहर कॉलोनी निवासी चारू ने बताया है कि सेक्टर-39 में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे धक्का मार दिया। इससे वह घायल हो गई। महिला की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।