सामाजिक कुरीतियों को लेकर रेवाड़ी में गुर्जर महापंचायत आज, लिया जाएगा अहम फैसला

punjabkesari.in Sunday, Mar 02, 2025 - 12:50 PM (IST)

रेवाड़ी: गुर्जर समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने के लिए आज रेवाड़ी में गुर्जर समाज की महापंचायत होगी। यह महापंचायत भगवान देवनारायण मंदिर होगी। महापंचायत में गुर्जर समाज से जुड़े जिले के तमाम सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। महापंचायत के दौरान गुर्जर समाज में फैली कुरीतियों पर चर्चा के बाद फैसला लिया जाएगा।

रेवाड़ी के बखापुर गांव सरपंच चरणजीत गुर्जर ने बताया कि राजेश पायलट के जन्मदिन पर सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ महापंचायत बुलाई है। महापंचायत भगवान देवनारायण मंदिर के प्रांगण में होगी। महापंचायत में आजकल समाज की शादियों में हो रहे अनावश्यक खर्च पर रोक लगाने को लेकर चर्चा होगी।

 समाज की शादियों में आजकल 5-5 डीजे के अलावा हाथी-घोड़े ले जाए जा रहे हैं। वहीं भात न्यौतने में भी 50 महिलाएं जा रही हैं। इसके अलावा छुछक के कार्यक्रम में भी बड़ा दिखावा हो रहा है। जिससे समाज के लोगों को बड़ी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। समाज में आर्थिक तौर पर कमजोर लोग ऐसे में दुखी होते हैं। इस प्रकार कुरीतियों पर समाज के प्रबुद्ध लोग चर्चा करेंगे और समाज की बेहतरी के लिए फैसले लिए जाएंगे।

 गुर्जर माजरी सहित तीन गांव के लोग सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ पहले ही अपने स्तर पर फैसला ले चुके हैं। वहां शादी-ब्याह, भात और छुछक से जुड़ी रस्मों को लेकर नियम बना दिए गए हैं। अगर उन नियमों कोई तोड़ेगा तो ग्रामीण उसके घर समारोह में खाना नहीं खाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static