पत्रकार हत्या मामला:17 फरवरी तक टली सुनवाई, हो सकती है राम रहीम को सजा (VIDEO)

1/20/2018 10:03:07 PM

पंचकूला(उमंग श्योराण): डेरा प्रमुख राम रहीम पर पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्या मामले में आज पंचकूला की विशेष सीबीआई कोर्ट में सुनवाई हुई। मामले में दोनों पक्षों के वकीलों में आज अंतिम बहस होनी थी लेकिन एक अहम गवाह राम रहीम के पूर्व ड्राइवर खट्टा सिंह की दोबारा गवाही की मांग को लेकर लगाई गई याचिका पर हाईकोर्ट में चल रही सुनवाई के चलते कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके कारण अब मामले की अगली सुनवाई 17 फरवरी को होगी। 

राम रहीम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए आज कोर्ट में पेश नहीं हुआ। जबकि पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्या मामले में तीनों आरोपी कृष्णलाल, निर्मल सिंह व कुलदीप सिंह कोर्ट में पेश हुए। मामले की सुनवाई पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत में पिछले काफी समय से चल रही है। मामले में फाइनल बहस की प्रक्रिया पूरी होते ही फैसला सुनाया जाएगा। 

उल्लेखनीय है कि साध्वी यौन शोषण मामले में सुनारिया जेल में सजा काट रहे गुरमीत राम रहीम की इस केस के कारण मुश्किलें बढ़ी हुई है। डेरा मुखी से जुड़े उक्त केस पर पूरे देश की निगाह है। मामले में जिस तेजी से अदालती प्रक्रिया चल रही है, उससे सभी को फैसलों की जल्द उम्मीद है। राम रहीम पर सिरसा के पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के आरोप का है। छत्रपति अपने अखबार 'पूरा सच' में अक्सर डेरा सच्चा सौदा में हो रहे अन्याय और अत्याचार के बारे में लिख रहे थे। 'पूरा सच' अखबार ने ही साध्वी का वो खत छापा था जिसमें सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय में महिलाओं का यौन उत्पीड़न की बात लिखी गई थी। उन्हें अक्तूबर 2002 में उन्हें गोली मार दी गई थी। हत्या के पीछे राम रहीम को बताया गया। इस मामले में गुरमीत राम रहीम को मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर सीबीआई ने नामजद किया है।