"हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ेगी हमारी पार्टी..." फतेहाबाद की प्रेस वार्ता में बोले गुरनाम सिंह चढ़ूनी

punjabkesari.in Friday, Aug 09, 2024 - 10:32 PM (IST)

फतेहाबाद (रमेश भट्ट): भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने फतेहाबाद स्थित जाट धर्मशाला में प्रेस वार्ता की। इस दौरान चढ़ूनी ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में उनकी संयुक्त संघर्ष पार्टी की ओर से उम्मीदवार उतारे जाएंगे। साथ ही बीजेपी और कांग्रेस को छोड़कर किसी भी अन्य दल से गठबंधन किया जा सकता है। किसान, दुकानदार और कमेरे वर्ग की आवाज उठाने के लिए उनके द्वारा पार्टी का गठन किया गया है। उनकी पार्टी हरियाणा विधानसभा चुनाव में बढ़-चढ़कर भाग लेगी। कई सीटों पर उनके द्वारा उम्मीदवार उतारे जाएंगे, ताकि लोगों की आवाज को उठाया जा सके।

मिली जानकारी के अनुसार, किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने ऐलान किया है कि उनकी पार्टी संयुक्त संघर्ष पार्टी पंजाब की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव लड़ेगी, जो लोकसभा चुनाव के बाद खाली हुई हैं। वे गिद्दड़बाहा, बरनाला, डेरा बाबा नानक और चब्बेवाल में अपने किसान नेताओं को मैदान में उतारेंगे। इसके अलावा वे इस साल होने वाले हरियाणा चुनाव में भी उतरेंगे। इस दौरान चढूनी ने खुद चुनाव लड़ने की बात भी कही है। उनका कहना है कि वे पेहोवा से चुनाव लड़ेंगे। बाकी नामों की घोषणा पार्टी सदस्यों से चर्चा के बाद बाद में की जाएगी। गुरनाम सिंह चढूनी ने पिछले दिनों खराब हुई फसलों के मुआवजे को लेकर भी सरकार को चेतावनी दी और कहा कि फतेहाबाद में खराब हुई फसलों का मुआवजा सरकार जल्द जारी करें, नहीं तो उन्हें धरना देने पर मजबूर होना पड़ेगा।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Saurabh Pal

Related News

static