समय से पहले हो सकते हैं गुरुग्राम व फरीदाबाद नगर निगमों के चुनाव

12/28/2019 10:27:25 AM

चंडीगढ़ (बंसल): भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार गुरुग्राम व फरीदाबाद नगर निगम के चुनाव समय से पहले करवाए जाने पर विचार कर रही है,क्योंकि दोनों निगमों में राजनीतिक विवाद चलने की बातें सामने आती रहती हैं। हालांकि दोनों निगमों के चुनाव में एक वर्ष से अधिक का समय शेष है लेकिन सूत्रों की मानें तो भाजपा के सभी नेता इससे सहमत हैं कि दोनों स्थानों पर अन्य निगमों के साथ ही चुनाव करवा लिए जाएं। 

बता दें कि 30 जुलाई, 2020 से पहले सोनीपत व कुछ नगर निगमों व नगर परिषदों के चुनाव संभव हैं। रेवाड़ी नगर परिषद के चुनाव अभी लंबित हैं,जबकि सोनीपत नगर निगम बाद में बना था। अम्बाला नगर निगम को तोड़कर अम्बाला शहर को नगर निगम तथा अम्बाला छावनी को नगर परिषद बनाया जा चुका है।

पंचकूला नगर निगम को तोडऩे अथवा बरकरार रखने का विवाद अभी कोर्ट में चल रहा है। सरकार को 30 जुलाई से पहले-पहले बाकी बचे नगर निगमों के चुनाव करवाने हैं। इसके लिए राज्य चुनाव आयोग अपनी तैयारियों में जुटा है। जिन नगर निगमों व परिषदों में चुनाव होने हैं, वहां वार्ड बंदी व नई वोट बनाने का काम तेजी से चल रहा है। 

Isha