गुरुग्राम में दसवीं की छात्रा ने रेप के बाद दिया बच्ची को जन्म(Video)

8/8/2018 4:20:32 PM

गुरूग्राम(सतीश कुमार):  साइबरसिटी गुरुग्राम में शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां के एक निजी अस्पताल में एक नाबालिग ने एक बच्ची को जन्म देकर सनसनी फैला दी है। वाक्या गुरुग्राम के सेक्टर 14 थाना इलाके का है। पीड़िता ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि वो अपने मम्मी पापा के साथ राजीव नगर में किराए पर रहती है। उसके पड़ोस में ही उत्तर प्रदेश के गोंडा का रहने वाला राजन तिवारी भी किराए पर रहता था।

पीड़िता का आऱोप है कि राजन तिवारी उसे नवंबर 2017 में एक दिन बहला फुसलाकर अपने कमरे में ले गया औऱ उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं उसे जान से मारने की धमकी देकर आऱोपी ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। कुछ दिन पहले पीड़िता के पेट में दर्द शुरु हुआ। जिसके बाद परिवार ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पाया कि पीड़िता गर्भवती है। इससे पहले की परिवार कुछ समझ पाता पीड़िता ने बच्ची को जन्म दे दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

पुलिस के मुताबिक पीड़िता ओपन से दसवीं कर रही है। उधर आऱोपी कुछ दिन पहले ही किराए का मकान छोड़कर फरार हो गया है। ऐसे में सवाल ये उठता है कि आठ महीने तक पीड़िता के पेट में बच्चा पल रहा था लेकिन परिवार के किसी सदस्य को इसकी भनक तक कैसे नहीं लगी। इतना हीं नहीं उस नाबालिग छात्रा और उसके नवजात बेबी की जिम्मेदारी किसकी होगी, ये भी एक अहम मुद्दा है। फिलहाल, पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Rakhi Yadav