किशोर का गुप्तांग काटकर बेचा किन्नरों को,आरोपी गिरफ्तार

12/27/2017 10:15:30 PM

पानीपत(अनिल कुमार):जागरण पार्टी में राधा का नाटकीय रोल करने वाले किशोर को यूपी ले जाकर युवक ने उसका गुप्तांग कटवा दिया। युवक ने उसको बेचने के लिए भी सौदा कर लिया था। इतना ही नही बाद में युवक ने उसे किन्नरो के हवाले कर दिया। किसी तरह युवक किन्नरो के चंगुल से निकला और अपनी मां को घटना के बारे में जानकारी दे दी। मां ने मंगलवार को आरोपी व गुप्तांग काटने वाले हकीम व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ सदर थाने में केस दर्ज करवाया है।

महमदपुर गांव की एक महिला ने पुलिस दी शिकायत में बताया कि उसका 17 वर्षीय बेटा जागरण पार्टी में राधा-कृष्ण का नाटकीय रोल करता है। कचरौली निवासी मोनू पुत्र ओमी भी कई बार उसके साथ जागरण पार्टी में आता-जाता था। इससे दोनों की जान पहचान हो गई। अप्रैल में एक्टिवा पर बेटे को गुप्तांग में चोट लग गई थी। निजी अस्पताल में उपचार के बाद वह ठीक हो गया था।

इसके बाद उसने जागरण पार्टी में जाना शुरू कर दिया था। डांस करने की वजह से उसके गुप्तांग में दर्द रहने लगा। एक दिन पानीपत बस स्टैंड पर बेटे को मोनू मिल गया। उसने झगड़ाकर चलने का कारण पूछा तो बेटे ने उसको सारी घटना बता दी। आरोपी कहने लगा कि मेरी जान पहचान का यूपी में एक हकीम है। आरोपी ने हकीम के पास इलाज कराने का झांसा दिया। झांसे में आया किशोर घरवालों को बिना बताए 10 अगस्त को उसके साथ यूपी चला गया। जहां पर आरोपियों ने कई व्यक्तियों के साथ मिलकर बेटे के गुप्तांग कटवा दिया।

घरवालों को बताने पर बदनाम करने और जान से मारने की धमकी दी। इससे किशोर ने घर पर नहीं बताया। आरोपी ने किशोर को बेचने का सौदा भी किसी से कर दिया है। जब बेटा किसी जागरण पार्टी में पंजाब गया था तो मोनू ने वहां के किन्नरो को इसके बारे में बता दिया और किन्नर बेटे को उठा कर ले गए। किशोर किसी तरह बधाई मांगने के दौरान किन्नरो के चंगुल से निकलकर भागा।

सदर थाना प्रभारी हरभजन सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। युवक मोनू को गांव से गिरफ्तार कर लिया है मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही बाकी लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस बारे में चिकित्सकों का कहना है कि ये किसी हाकीम का नही बल्कि किसी सर्जन द्वारा लिंग परिवर्तन किया गया है अगर किसी हाकिम ने किया है तो यह कई सालों से ये काम करता आ रहा है क्योंकि बड़ी ही सफाई के साथ सर्जरी की गई है।