फेमिना मिस ग्रैंड इंडिया 2020 मानिका श्योकंद के निवास स्थान पहुंचे ज्ञानचंद गुप्ता, दी शुभकामनाएं

2/17/2021 11:23:48 AM

पंचकूला (चंद्र शेखर धरणी) : हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता फेमिना मिस ग्रैंड इंडिया 2020 मानिका श्योकंद के सेक्टर 20 स्थित निवास स्थान पहुंचे और उन्हें शुभकामनाएं व आशीर्वाद दिया। मानिका खिताब जीतने के बाद पहली बार पंचकूला स्थित अपने घर पहुंची थी। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मानिका ने यह उपलब्धि हासिल कर न केवल पंचकूला ज़िला बल्कि प्रदेश व देश का नाम भी रोशन किया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मानिका भविष्य में होने वाली  प्रतियोगिताओं  में भी सफल होकर आएं और हम उनका पंचकूला फिर  पहुंचने पर स्वागत करें। 

उन्होंने इस अवसर पर उनके माता पिता को बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियों प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी है। इसलिए हमें उनका उत्साहवर्धन करके जिस क्षेत्र में भी जाना चाहें, उसके लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'बेटी बचाओ, बेटी पढाओ' का जो नारा दिया था, उसे मानिका जैसी बेटियां अपनी प्रतिभा द्वारा सार्थक सिद्ध कर रही हैं।इस अवसर पर पँचकुला ज़िले के गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana