ओलावृष्टि व बारिश ने प्रदेश में बढ़ाई ठंड

2/8/2019 11:34:17 AM

अम्बाला छावनी(पंजाब केसरी टीम): वीरवार सुबह से हुई बारिश ने एक बार फिर प्रदेश में ठंड बढ़ा दी है। अम्बाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, कैथल, यमुनानग, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, भिवानी, सिरसा, रोहतक रेवाड़ी, हिसार के अलावा कलायत व गुहला-चीका सहित आस-पास के क्षेत्रों में गुरुवार को बरसात के साथ ओले गिरे। जिले में देर शाम तक बारिश होती रही। कैथल में 10 एम.एम., कलायत में 10 एम.एम. और गुहला में 40 एम.एम. बारिश दर्ज की गई। बारिश और तेज हवा चलने से कई जगह सड़कों पर पेड़ गिरने से वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिम विक्षोभ के कारण 8 फरवरी तक गरज-चमक व तेज हवा के साथ कहीं हल्की और कहीं मध्यम बारिश की संभावना है। आज हुई बारिश से ओलावृष्टि से तापमान में कमी आई है। 

 यमुनानगर में हल्की बूंदाबांदी के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई। बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि से ठंड भी बढ़ गई, जिसने लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया। कई क्षेत्रों पर बिजली व्यवस्था भी ठप्प रही। मौसम विभाग द्वारा पूर्व में भी चेतावनी दे दी गई थी कि 6 व 7 फरवरी को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। बारिश से तापमान में भी भारी गिरावट हुई। न्यूनतम तापमान गुरुवार को करीब 10 डिग्री पहुंच गया। 

तोशाम के गांव आलमपुर, थिलौड़, पिटौदी आदि गांवों में ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुक्सान हुआ है। वहीं गांव खरकड़ी, झांवरी, लक्ष्मणपुरा, दुल्हेड़ी, सुंगरपुर, संडवा, साहलेवाला,खारीयावास, सरल, रतेरा, किरावड़, तोशाम में भी बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है, जिसके कारण सरसों, गेहूं की फसल को नुक्सान हुआ है। आलमपुर निवासी सरपंच प्रतिनिधि नफे सिंह, कुल्लू ङ्क्षधधवाल, संजय शर्मा पंच, जोगेंद्र फौगाट, कृष्ण वर्मा सुंगरपुर, अधिवक्ता राजेंद्र दुल्हेड़ी, वीरेन्द्र तंवर रतेरा, बजरंग रतेरा आदि ने बताया कि वीरवार दोपहर बाद बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गिरदावरी करवा कर फसल में हुए नुक्सान के मुआवजे की मांग की है।

सिरसा के ओढां व रानियां क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी के साथ ओले भी गिरे। हालांकि ओलावृष्टि होने से फसलों को अधिक नुक्सान नहीं पहुंचा है। जानकारी के अनुसार दोपहर बाद अचानक बदले मौसम के मिजाज के बाद ओढां क्षेत्र के ओढां, नुहियांवाली, सावंतखेड़, ख्योवाली, आनंदगढ़, रोहिड़ांवाली व पन्नीवाला सहित कई गांवों में बरसात के साथ ओलेे गिरे हैं, जबकि रानियां खंड के गांव करीवाला व बणी में ओलावृष्टि हुई है। किसानों ने बताया कि करीब 3 से 4 मिनट तक भारी संख्या में ओलावृष्टि हुई। हालांकि इससे अभी नुक्सान की कोई पुष्टि नहीं हुई है।

चरखी दादरी में फसलों को भारी नुक्सान
चरखी दादरी में हल्की बारिश के साथ जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में ओले गिरे हैं। ओले गिरने से किसानों की सरसों, गेहूं, चने की फसलों को काफी नुक्सान बताया जा रहा है। करीब 3 बजे बरसात के साथ कई गांवों में हुई ओलावृष्टि हुई। करीब 15 मिनट ओले गिरे और आधे घंटे तक तेज बरसात हुई। जिले के गांव चरखी, घिकाड़ा, बिगोवा, मोरवाला, इमलोटा, भागवी, स्वरूपगढ़, सांतौर, फतेहगढ़, मिर्च आदि में ओले गिरने की सूचना मिली। खेतों में हर तरफ ओले ही नजर आए। किसानों की गेहूं और सरसों की फसल में 70 फीसदी तक नुक्सान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। किसानों ने प्रभावित क्षेत्रों में गिरदावरी कर उचित मुआवजे की मांग की है।

Deepak Paul