अब चोटी पर भी सियासत, करण दलाल बोले- RSS कटवा रही चोटी

8/4/2017 5:13:31 PM

फरीदाबाद(अनिल राठी):पूरे देश में चल रहे चोटी काटने वाले भूत की खबरों पर आखिरकार अब सियासत शुरू हो गई है। जिसके चलते हर कोई एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। वहीं पलवल जिले के कांग्रेसी विधायक करण दलाल ने फरीदाबाद में मीडिया से रू-ब-रू हुए। जहां उन्होंने RSS पर आरोप लगाते हुए कहा कि देश में महिलाओं और बच्चियों की चोटी RSS कटवा रही है। जो कि देश को विकास के मुद्दे से भटका कर अन्य खेलों में लगा कर रखना चाहते हैं। 

उल्लेखनीय है कि राजस्थान, हरियाणा, यूपी के बाद राजधानी दिल्ली व पंजाब में भी चोटी कटने के मामले सामने आ रहे हैं। देश भर में अब तक ऐसी 50 के करीब घटनाएं सामने आई हैं। जहां लोग इन घटनाअों को भूत-प्रेत से जोड़ रहा है, वहीं पुलिस ने लोगों से इन अफवाहों से बचने की बात कही। 

इसके साथ ही दलाल ने कहा कि फरीदाबाद और पलवल से पिछले तीन साल में अगवा हुई लगभग सात सौ लड़कियों के पीछे पुलिस और जिला प्रशासन दोनों शामिल हैं। जिनकी मिलीभगत से छोटी बच्चियों को अगवा कर उन्हें धंधे और जबरन शादी के लिए बेचा जा रहा है। जिसके लिए वे आने वाले समय में सबूत भी पेश करेंगे। 

दलाल ने लड़कियों की तस्करी के मामले को शर्मसार बताते हुए कहा है कि सीएम मनोहरलाल को इस पूरे मामले में संज्ञान लेना चाहिए और इस तस्करी में शामिल पुलिस, प्रशासन और सत्ताधारी लोगों के खिलाफ कार्यवाही करनी चाहिए।