विवादित जमीन को लेकर दो समुदायों में जमकर चले ईंट-पत्थर, आधा दर्जन लोग हुए जख्मी

9/29/2022 2:58:41 PM

यमुनानगर(सुरेंद्र): जिले के छछरौली एरिया में दो समुदायों में जमकर ईंट पत्थर और लाठी-डंडे चले। इस झगड़े में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घटना की गंभीरता को समझते हुए भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों समुदायों को समझा कर झगड़ा शांत कराया।

 

मुस्लिम और सिख समुदाय में जमीन को लेकर चल रहा विवाद

 

डीएसपी नरेंद्र खटकाना ने बताया कि छछरौली एरिया में एक जमीन है, जिसे एक समुदाय वक्फ बोर्ड की बताकर अपना दावा कर रहे हैं। वहीं सिख समुदाय उस जमीन पर अपना दावा जता रहे हैं। पिछले 15 सितंबर को मामला पुलिस के संज्ञान में भी आया था। तब से ही दोनों पक्षों में समझौता कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी बीच गुरुवार को सिख समुदाय के लोगों ने वहां पहुंचकर पाठ शुरू करना शुरू कर दिया। इसके बाद मुस्लिम पक्ष के गुस्साए लोगों ने वहां जाकर  झगड़ा करना शुरू कर दिया। डीएसपी ने बताया कि पुलिस के बीच बचाव के बाद फिलहाल मामला शांत हो गया है। दोनों पक्षों को समझा कर झगड़ा शांत कराने के साथ ही घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

 

लंबे समय से चल रहे विवाद को सुलझाने का किया जा रहा प्रयास

 

बता दें कि जमीन को लेकर यह विवाद वर्षों पुराना है। दोनों ही समुदाय इस विवादित जमीन पर अपना-अपना दावा कर रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा इस मामले को लेकर जांच भी की जा रही है। दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास भी किए जा रहे हैं। गुरुवार को हुए झगड़े में दोनों समुदायों के करीब आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए हैं। पुलिस और जिला प्रशासन मामले में समझौता कराने का प्रयास कर रहा है।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan