सफाई कर्मियों के समर्थन में आज सड़कों पर उतरेंगी आधा दर्जन यूनियनें

5/22/2018 8:17:11 AM

चंडीगढ़(पांडेय): पिछले 13 दिनों से मांगों को लेकर तपती गर्मी में हड़ताल कर रहे हरियाणा के सफाई कर्मियों की हुंकार अब और बढ़ गई है। लिहाजा अब सफाई कर्मियों के समर्थन में दूसरी यूनियनें भी कूद गई हैं। वाल्मीकि समाज ने भी खुलकर समर्थन का ऐलान किया है।

सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के महासचिव सुभाष लाम्बा व नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री ने बताया कि मंगलवार को हड़ताली कर्मचारियों के समर्थन में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा से जुड़े सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों व विश्वविद्यालयों के कर्मचारी और मजदूर संगठन सीटू से जुड़े मजदूर सड़कों पर उतरेंगे।

आज होंगे सभी राज्यों में प्रदर्शन
कर्मचारी नेताओं ने बताया कि सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा व हरियाणा कर्मचारी महासंघ से संबंधित हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों की यूनियनों ने पालिका कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में किसी भी समय चक्का जाम करने की चेतावनी दी है।

वित्त मंत्री की बैठक में भी नहीं हुआ सफाई कर्मियों की मांगों का हल
सोमवार देर शाम वित्त मंत्री कै. अभिमन्यु की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई जिसमें कर्मचारियों की मुख्य मांग समान काम, समान वेतन को लेकर विचार विमर्श किया गया लेकिन इस मांग का भी कोई हल नहीं निकल सका। इस मीटिंग में कई विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद थे। लेकिन अभी तक समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।
 

Rakhi Yadav