जीवन कुंडू मर्डर के बाद हांसी लाठीचार्ज:: SP और CIA प्रभारी की भूमिका पर उठे सवाल...अदालत ने सरकार से मांगी स्टेटस रिपोर्ट

punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 01:47 PM (IST)

चंडीगढ़ : हांसी में 15 अगस्त को डेयरी संचालक जीवन कुंडू की हत्या के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई का मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट पहुंच गया है। जनहित याचिका में पूरे घटनाक्रम की स्वतंत्र जांच कराने और पुलिस कार्रवाई से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के निर्देश देने की मांग की गई है। याचिका में पुलिस के बल प्रयोग, भीड़ नियंत्रण और वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।

हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए सरकार से स्टेटस रिपोर्ट तलब की है और सुनवाई 28 सितम्बर तक स्थगित कर दी। याचिका के अनुसार प्रशासन को प्रदर्शन की पहले से जानकारी थी, इसके बावजूद 15 अगस्त को प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हुआ। इसके बाद लाठीचार्ज और पथराव में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए।

याचिका के साथ वीडियो, समाचार रिपोर्ट और घायल प्रदर्शनकारियों की तस्वीरें भी संलग्न की गई हैं। इसमें एक समाचार रिपोर्ट का हवाला देते हुए हांसी के एस. पी. विनोद कुमार पर प्रदर्शनकारियों की ओर पत्थर फेंकने का दावा किया गया है। एक अन्य वीडियो में सी. आई.ए. हांसी के निरीक्षक कप्तान सिंह के पुलिसकर्मी की ए.के.-47 राइफल की ओर हाथ बढ़ाने और उसे भीड़ की तरफ लहराने का दावा किया गया है। हालांकि, हथियार चलाए जाने से पुलिस अधिकारी ने कथित तौर पर इनकार किया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static