मातम में बदली खुशियां: जयमाला के कार्यक्रम में हुई फायरिंग, गोली लगने से दूल्हे के दोस्त की मौत

11/23/2021 5:45:38 PM

हांसी (संदीप सैनी): हिसार के पुट्‌ठी गांव में देर रात शादी में जयमाला के समय गोली लगने से दूल्हे के दोस्त सोनू की मौत हो गई। वह अन्य दोस्तों के साथ शादी में आया था। रात को जयमाला की रस्म की खुशी में किसी ने गोली चलाई जो सोनू की छाती में जा लगी। बाद में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना बास पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज किया और छानबीन कर रही है।

महम निवासी विजय सिंह ने बताया कि उनका भतीजा सोनू रात को विनय शादी में शामिल होने के लिए हांसी के गांव पुट्‌ठी में गया था। पुट्‌ठी गांव में पहुंचने पर ढुकाव के बाद जयमाला की रस्म के दौरान किसी ने पिस्तौल से गोली चलानी शुरू कर दी। एक गोली सीधे सोनू की छाती में लगी। गोली लगने से वह मौके पर ही गिर गया। बाराती सोनू को महम के अस्पताल में लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद पोस्टमार्डम के लिए शव को हांसी लाया गया। पुलिस मामले की जांच कर कर रही है।

सब इंस्पेक्टर विजय पाल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी की पुट्‌ठी गांव में देर रात शादी में गोली चली है। सूचना के आधार पर वे मौके पर पहुंचे। परिजनों के बयान पर आईपीसी धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में जांच की जाएगी की, जिस रिवाल्वर से गोली चली है उस रिवाल्वर का लाइसेंसी है या नहीं और ये गोली किसने चलाई थी। उसके बाद जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Shivam