23 साल तक दहेज के लिए प्रताड़ना, विवाहिता के साथ मारपीट, भाभी के साथ पति के नाजायज संबंध

2/26/2023 3:35:02 PM

हरियाणा : जिले के गांव माजरा शहजादपुर में एक विवाहिता ने ससुरालियों पर प्रताड़ना करने के आरोप लगाए हैं। उसके अनुसार ससुराल वाले पिछले 23 सालों से उसे दहेज की मांग को लेकर परेशान कर रहे हैं। इसे लेकर कई बार पंचायतें भी हो चुकी हैं, लेकिन दहेज के लोभ में डूब चुके ससुराल वाले अपनी हरकतों से बाज नहीं आते। यही नहीं महिला का आरोप है कि उसके पति के अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध भी हैं। विवाहिता की शिकायत पर नारायणगढ़ महिला थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

शादी के बाद से ही शुरू हो गया था दहेज के लिए प्रताड़ना का सिलसिला

महिला थाना में शिकायत देकर महिला ने बताया कि उसकी शादी साल 2004 में शहजादपुर के रहने वाले नरेंद्र कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वालों ने दहेज की डिमांड करनी शुरू कर दी थी। महिला का आरोप है कि उसका पति कई बार गाड़ी की डिमांड भी कर चुका है। शुरू-शुरू में ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज ना लाने पर ताने मारते थे, लेकिन बाद में उसके साथ मारपीट भी शुरू कर दी। बीच-बीच में उसके मायके वाले ससुरालियों की दहेज की डिमांड को पूरा भी करते रहे हैं, लेकिन उनकी डिमांड खत्म होने का नाम नहीं ले रही। कई बार दहेज को लेकर उनके ससुराल वालों ने उसे घर से बाहर भी निकाला है।

 

बार-बार पंचायतें हुई, हर बार माफी मांग कर फिर की मारपीट

पीड़िता का आरोप है कि उसका पति शराब के नशे में उसके साथ अक्सर मारपीट करता है। यही नहीं साल 2005 में उसने अस्पताल में एक बेटी को जन्म दिया तो ससुराल पक्ष की ओर से कोई भी उसकी बच्ची का मुंह तक देखने नहीं आया। इस दौरान कई बार पंचायत हुई, जिसमें उसके ससुराल वालों ने माफी मांग कर उसे अपने साथ वापस ले जाने की बात कही, लेकिन घर ले जाने के बाद ससुराल वाले फिर से उसके साथ दहेज को लेकर मारपीट करते थे। महिला ने बताया कि नवंबर 2021 में भी उसके पति और ससुर ने 2 लाख रुपए की डिमांड की। रुपए ना देने पर ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह अपने मायके चली गई। इसके बाद जब वह अपनी बच्ची की किताबें लेने के लिए ससुराल गई तो उसके साथ मारपीट की गई। उसने जून, 2022 में पुलिस को शिकायत भी दी थी, लेकिन तब उसके पति ने माफी मांग ली थी। इसके बाद उसने फिर से पीड़िता के साथ मारपीट की थी। अब महिला ने एक बार फिर पुलिस को शिकायत दी है। 

 

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)    

Content Writer

Gourav Chouhan